तंत्र-मंत्र से पैसा डबल! बांदा में झांसा देकर ठगी करने वाले 3 शातिर गिरफ्तार,75 हजार से ज्यादा कैश बरामद

बांदा में साधु-संत का भेष धारण कर तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा दोगुना करने का झांसा देने वाले तीन शातिर ठग पुलिस के हत्थे चढ़ गए. आरोपियों ने कथित तौर पर लोगों को बहला-फुसलाकर नकदी और कीमती सामान ठगने का जाल बिछा रखा था. पुलिस ने उनके पास से नकदी, कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं.

Advertisement
पैसे डबल करने का झांसा देकर ठगी (Photo: itg) पैसे डबल करने का झांसा देकर ठगी (Photo: itg)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:44 AM IST

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में तिंदवारी थाना पुलिस ने ऐसे तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो साधु-संत का भेष धारण कर लोगों को तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 75 हजार रुपये से अधिक नकदी, घटना में प्रयुक्त एक कार और एक अवैध तमंचा बरामद किया है. तीनों आरोपी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं.

Advertisement

तंत्र-मंत्र से पैसे दोगुने करने का लालच

पुलिस के अनुसार, एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह फतेहपुर से बांदा आ रहा था. रास्ते में साधु के वेश में मिले एक व्यक्ति ने उसे तंत्र-मंत्र के जरिए धन दोगुना करने का लालच दिया. इसी दौरान उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने बातों में उलझाकर उसकी गाड़ी से करीब 50 हजार रुपये पार कर दिए. घटना की जानकारी मिलते ही तिंदवारी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें गठित कीं. जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय नाथ निवासी मथुरा, नवाब नाथ निवासी गौतमबुद्ध नगर और गौरव नाथ निवासी पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है.

Advertisement

पहले सांप पकड़ने का काम करते थे ठग

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले सांप पकड़ने का काम करते थे. बाद में उन्होंने साधु का भेष धारण कर लोगों को तंत्र-मंत्र और चमत्कार का झांसा देकर ठगना शुरू कर दिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी भोले-भाले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे.

तिंदवारी थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से 75,200 रुपये नकद, एक चार पहिया वाहन और एक अवैध कट्टा बरामद किया गया है. तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने अन्य जिलों या राज्यों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं.


 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »