उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड क्षेत्र इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. बांदा समेत पूरे इलाके में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और लोग तेज धूप व लू से परेशान हैं. ऐसे में भीषण गर्मी में बाइक से सफर करना दूभर हुआ तो एक युवक ने ऐसा देशी जुगाड़ निकाला कि उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक ने अपनी बाइक पर बांस और पेड़-पौधों की मदद से ग्रीन शेड तैयार कर लिया. उसने बाइक के ऊपर बांस लगाकर उस पर हरी पत्तियां और पौधे बांध दिए, ताकि तेज धूप सीधे शरीर पर न पड़े. युवक का कहना है कि इस जुगाड़ से उसे भीषण गर्मी में काफी राहत मिल रही है और सिर पर सीधी धूप नहीं लग रही.
यह भी पढ़ें: 'सिर्फ फोटो नहीं, जमीन पर काम हो’, सबसे गर्म हुआ बांदा तो IPS ने CM योगी से कर दी ये 3 बड़ी मांग
वीडियो में युवक लू से बचने के लिए गमछा बांधे भी नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो बांदा शहर क्षेत्र का है, जहां 48 डिग्री तापमान के बीच लोग गर्मी से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ देशी जुगाड़
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई यूजर इस अनोखे जुगाड़ की तारीफ करते नजर आए, तो कुछ लोगों ने मजेदार कमेंट भी किए. एक यूजर ने लिखा, 'बुंदेलखंड का टैलेंट है भाई', जबकि दूसरे ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'पेट्रोल वाली बाइक, सोलर वाली छत'.
देखें वीडियो...
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय भीषण तपिश में बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है. रोजमर्रा के काम करने वाले लोग मजबूरी में ऐसे देशी जुगाड़ अपनाकर ही सड़कों पर निकल रहे हैं.
इधर मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है. जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर न निकलने की अपील की है.
सिद्धार्थ गुप्ता