उत्तर प्रदेश के बलिया से दहला देने वाली वारदात सामने आई है. नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में दामाद ने अपनी ससुराल में घुसकर ऐसा तांडव मचाया कि लोगों की रूह कांप उठी. उसने पत्नी का चाकू से कत्ल कर दिया. फिर सास को भी मार डाला. वहीं ससुर की हालत गंभीर है. आरोपी ने चार साल पहले लव मैरिज की थी.
आरोपी की पहचान अमित गुप्ता के रूप में हुई है, जिसने पत्नी प्रीति और सास सुशीला देवी की बेरहमी से हत्या कर दी है. बीच-बचाव करने आए ससुर अंतु गुप्ता पर भी हमला किया, जो गंभीर हालत में वाराणसी रेफर कर दिए गए.
प्रीति और अमित ने साल 2022 में लव मैरिज की थी. शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखा, लेकिन समय के साथ रिश्तों में दरार बढ़ती गई. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद भी दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ और हालात लगातार बिगड़ते गए.
हाल ही में प्रीति अपने मायके आकर रह रही थी. बीती रात आरोपी अमित अचानक ससुराल पहुंचा. वह सीधे कमरे में घुस गया और अपनी पत्नी से बच्चे को छीनने की कोशिश करने लगा. जब प्रीति ने विरोध किया तो अमित ने गुस्से में आकर उस पर चाकू से हमला कर दिया.
चीख-पुकार सुनकर जब सास और ससुर बचाने आए तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया. इस हमले में प्रीति और सुशीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंतु गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद चीख-पुकार मच गई. पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. गंभीर रूप से घायल ससुर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मृतका के परिजनों का आरोप है कि विदाई के बाद अमित प्रीति को अपने घर न ले जाकर कहीं और ले गया था और उसके साथ मारपीट की थी. प्रीति पिछले 10 दिनों से अपने मायके में रह रही थी. मृतका की बहन ने कहा कि बीती रात अमित दबे पांव ससुराल पहुंचा. वह सीधे अपनी पत्नी के कमरे में दाखिल हुआ और बच्चे को छीनने की कोशिश करने लगा.
जब प्रीति ने विरोध किया तो अमित ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर जब मां और पिता बचाने आए तो इस सिरफिरे ने उन्हें भी नहीं बख्शा. फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
aajtak.in