उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में एक नाबालिग बच्चे के साथ मारपीट कर उसका जबरन खतना किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोग बच्चे को बहला-फुसलाकर ले गए और उसके साथ यह घटना की। बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के कप्तानगंज क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग बच्चे के साथ मारपीट कर उसका जबरन खतना किए जाने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद पीड़ित परिवार में आक्रोश है और इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है. परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामला कप्तानगंज कस्बा क्षेत्र का है. पीड़ित परिवार के अनुसार, रिंकू सोनी के नाबालिग पुत्र आयुष सोनी को पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए. आरोप है कि वहां बच्चे के साथ मारपीट की गई और ब्लेड से उसका जबरन खतना कर दिया गया. परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और लगातार रक्तस्राव होने के कारण वह बेहोश हो गया. इसके बाद परिवार को पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई.
घटना से इलाके में तनाव
आरोप है कि जब परिजन मौके पर पहुंचे और विरोध जताया तो उनके साथ भी मारपीट की गई. पीड़ित पक्ष ने बदशाह, करीम और मंसूर नाम के व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद बच्चे का उपचार कराया गया और पुलिस को लिखित शिकायत दी गई. परिवार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है. चिराग जैन एसपी, ग्रामीण आजमगढ़ का कहना है कि शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. अब सभी की नजर पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और विधिक कार्रवाई की जाएगी.
(इनपुट- राजीव कुमार श्रीवास्त)
aajtak.in