अयोध्या में हाई-वोल्टेज ड्रामा: BJP कार्यकर्ता की पिटाई पर भड़के विधायक, रात में घेर लिया थाना; पुलिसवालों को सस्पेंड करने की मांग

रामनगरी अयोध्या के मिल्कीपुर में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता के बीच हुआ विवाद बवाल में बदल गया. कार्यकर्ता की बेरहमी से पिटाई के आरोप में विधायक चंद्रभानु पासवान ने रातभर थाने का घेराव किया. पुलिसकर्मियों पर एफआईआर और निलंबन की मांग को लेकर माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है.

Advertisement
मिल्कीपुर में थाने पर समर्थकों संग बैठे विधायक (Photo- Screengrab) मिल्कीपुर में थाने पर समर्थकों संग बैठे विधायक (Photo- Screengrab)

मयंक शुक्ला

  • अयोध्या ,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:37 PM IST

अयोध्या के कुमारगंज थाने में सोमवार देर रात भाजपा कार्यकर्ता हरिकिशन पांडेय की पुलिसकर्मियों द्वारा कथित पिटाई के विरोध में मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने समर्थकों संग जमकर हंगामा किया. यह घटना तब हुई जब हरिकिशन ने पेट्रोल पंप पर चाबी खो जाने पर सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों से मदद मांगी, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया. पुलिस पर आरोप है कि उन्होंने कार्यकर्ता को पहले बाजार और फिर थाने के अंदर बेरहमी से पीटा. विधायक ने आरोपी दरोगा और तीन सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर और तत्काल सस्पेंशन की मांग पर अड़ते हुए थाने का घेराव किया.

Advertisement

मदद मांगने पर मिली बेरहमी से पिटाई!

पीड़ित हरिकिशन पांडेय पूरे चूड़ामणि पांडेय गांव के निवासी हैं. आरोप है कि वह पेट्रोल पंप पर गाड़ी में तेल भरवाने गए थे, जहां चाबी की समस्या होने पर उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से बात की. इसी दौरान विवाद शुरू हुआ और आरोप है कि वर्दीधारियों ने अपनी शक्ति का दुरुपयोग करते हुए कार्यकर्ता को बुरी तरह पीटा. घटना की खबर मिलते ही समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा और वे बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए.

विधायक का अल्टीमेटम: FIR और सस्पेंशन से कम कुछ नहीं

विधायक चंद्रभानु पासवान ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. उन्होंने मौके पर पहुंचकर साफ कर दिया कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज नहीं होता और उन्हें सस्पेंड नहीं किया जाता, विरोध खत्म नहीं होगा. देर रात तक थाने के बाहर नारेबाजी होती रही, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. पीड़ित के पिता संतोष पांडेय ने भी चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है.

Advertisement

प्रशासनिक अलर्ट और जांच का आश्वासन

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) मिल्कीपुर पीयूष ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement