लखनऊ की NIA स्पेशल कोर्ट ने जुलाई 2021 में पकड़े गए अलकायदा से जुड़े तीन आतंकियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. कोर्ट ने मसीरुद्दीन, मिनहाज अहमद और तौहीद अहमद शाह को दोषी करार देते हुए यह सजा दी. ये तीनों आतंकी अलकायदा के मॉड्यूल 'अंसार गजवात उल हिंद' से जुड़े हुए थे.
जांच के मुताबिक, 11 जुलाई 2021 को यूपी एटीएस ने लखनऊ के दुबग्गा इलाके से मिनहाज अहमद को गिरफ्तार किया था. उसकी निशानदेही पर मसीरुद्दीन और तौहीद अहमद शाह को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान मिनहाज के घर से कुकर बम बरामद हुआ था, जबकि बाकी दोनों आरोपियों के ठिकानों से विस्फोटक सामग्री और पिस्टल मिली थी.
जांच एजेंसियों ने खुलासा किया था कि तीनों आतंकी 15 अगस्त 2021 के आसपास उत्तर प्रदेश में सीरियल ब्लास्ट की साजिश रच रहे थे. इसके लिए मानव बम का इस्तेमाल करने की भी योजना बनाई गई थी. बताया गया कि ये सभी पाकिस्तानी हैंडलर उमर हलमंडी के निर्देश पर काम कर रहे थे, जो अलकायदा इंडियन सब कॉन्टिनेंट के लिए युवाओं की भर्ती कर रहा था.
एजेंसियों के अनुसार, राम मंदिर पर आए फैसले के बाद से ही ये आतंकी यूपी समेत देश के अन्य हिस्सों में बड़े हमले की योजना बना रहे थे. मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद एनआईए स्पेशल कोर्ट ने तीनों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई.
संतोष शर्मा