आगरा: नाना के घर आई बिट्टू 70 फीट गहरे कुंए में गिरी, SDM का हाथ पकड़ बिलख उठा बेबस पिता, मासूम की मौत से हर आंख नम

नाना के घर आई फिरोजाबाद की 4 वर्षीय मासूम बिट्टू खेलते समय 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरी. कुएं में जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के बीच 4 घंटे चले रेस्क्यू के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement
आगरा में कुएं में गिरने से 4 साल की बच्ची की मौत (Photo- ITG) आगरा में कुएं में गिरने से 4 साल की बच्ची की मौत (Photo- ITG)

नितिन उपाध्याय

  • आगरा ,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:03 PM IST

यूपी के आगरा में नाना के घर आई 4 साल की बच्ची खेलते-खेलते 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरी. सूचना पर पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. लेकिन कुएं में जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन काफी मुश्किल हो गया.

करीब 4 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फायर ब्रिगेड का एक जवान ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कुएं में उतरा. घंटों की मशक्कत के बाद बच्ची को बाहर निकाला गया और सीएचसी पहुंचाया गया. मगर, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

Advertisement

घटना के दौरान मौके पर लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा. पिता ने एसडीएम विनोद कुमार का हाथ पकड़ते हुए चीखकर कहा- 'रेस्क्यू में काम के सिर्फ 4 आदमी थे, बाकी 100-50 पुलिसवाले वहां क्या कर रहे थे...? मेरी लड़की ला दो... मेरी लड़की ला दो...' पिता की ये चीख सुन मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.

जानिए पूरा मामला 

फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र में सरिया गांव में सौरभ रहते हैं. उनकी 4 साल की बेटी बिट्टू आगरा के जैतपुर क्षेत्र के गोपालपुरा गांव में अपने नाना के घर आई थी. गुरुवार शाम करीब 4 बजे वह घर के पास खेल रही थी. तभी पैर फिसलने से पास में बने गहरे कुएं में गिर गई. इसका पता चलते ही गांववालों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई. लोगों ने पुलिस-प्रशासन को सूचना दी.

Advertisement

इस पर डीसीपी अभिषेक अग्रवाल समेत कई थानों की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. कुएं में जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी होने से शुरुआती रेस्क्यू में दिक्कत आई. इसके बाद फायर ब्रिगेड का एक जवान ऑक्सीजन सिलेंडर और सुरक्षा उपकरणों के साथ कुएं में उतरा.

काफी मशक्कत के बाद वह बच्ची तक पहुंच सका. करीब 4 घंटे बाद बच्ची को बाहर निकाला गया. लेकिन, तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी. जब बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »