Uttar Pradesh News: फतेहपुर के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में मंगलवार को करीब 1800 छात्र-छात्राओं ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर उग्र प्रदर्शन किया. स्कूल में बिजली, पंखे, शुद्ध पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, मिड-डे मील और बैठने के लिए बेंच जैसी सुविधाओं की कमी के विरोध में छात्रों ने यह कदम उठाया. स्कूल प्रशासन द्वारा शिकायतों पर ध्यान न देने के कारण छात्र-छात्राओं को गेट पर नारेबाजी करने के लिए मजबूर होना पड़ा. घटना की जानकारी मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण कर छात्रों की सभी मांगों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के कड़े निर्देश जारी किए.
स्कूल परिसर में सुविधाओं की घोर कमी से छात्र परेशान
सर्वोदय इंटर कॉलेज में अध्ययनरत छात्रों का आरोप है कि उन्हें रोजाना मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करनी पड़ रही है. कमरों में पंखे न होने, खराब वायरिंग और पेयजल संकट से छात्र बेहद परेशान थे. इसके अलावा कक्षा 6, 7 और 8 के बच्चों के लिए पर्याप्त बेंच न होने के कारण भी छात्रों को खासी दिक्कत उठानी पड़ रही थी, जिसके बाद उनका गुस्सा फूट पड़ा.
DIOS ने लिया एक्शन, दिए तत्काल व्यवस्था के निर्देश
सूचना मिलते ही पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि लिखित मांगों के आधार पर प्रत्येक कमरे में 4-4 पंखे लगाने और बिजली वायरिंग दुरुस्त करने के निर्देश दे दिए गए हैं. साथ ही खेल मैदान की सफाई, शुद्ध पानी के लिए आरओ (RO) प्लांट लगवाने और मिड-डे मील की मात्रा व मेनू सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए गए हैं.
एक महीने के भीतर बेंच और अन्य सुविधाएं होंगी बहाल
DIOS ने स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट कहा कि छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी. जिन कक्षाओं में बेंच की कमी है, वहां एक महीने के अंदर बेंच उपलब्ध कराई जाएगी. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्कूल में सभी जरूरी व्यवस्थाएं जल्द से जल्द पूरी कर दी जाएंगी, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी परेशानी के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें.
नीतेश श्रीवास्तव