क्या कोई ऐसा देश भी है, जहां लोग फोन, साइकिल और सामान बिना ताले के छोड़ देते हैं? सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट ने दक्षिण कोरिया को लेकर ऐसी ही बहस छेड़ दी है.
एक सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों खूब चर्चा में है. पोस्ट में एक शख्स ने दक्षिण कोरिया में अपने परिवार के साथ बिताए अनुभव साझा किए हैं. उनका दावा है कि वहां लोग रोजमर्रा की कई चीजें बिना किसी डर के छोड़ देते हैं, क्योंकि उन्हें भरोसा होता है कि कोई उन्हें चुराएगा नहीं.
शख्स ने बताया कि वह पिछले एक महीने से पत्नी और बेटी के साथ दक्षिण कोरिया में रह रहे हैं. उन्होंने लिखा कि अगर वे किसी दुकान या रेस्तरां में जाते हैं तो बेबी स्ट्रोलर बाहर ही छोड़ देते हैं. एक बार वह अपने दोस्त के साथ लंच करने गए. दोस्त ने अपनी साइकिल बिना ताला लगाए गली में खड़ी कर दी और दो घंटे बाद लौटने पर वह वहीं मिली.
उन्होंने एक और घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उनके एक दोस्त का iPhone पार्क की बेंच पर गलती से छूट गया था. जब वह करीब चार घंटे बाद वापस पहुंचे तो फोन उसी जगह रखा मिला. इतना ही नहीं, उन्होंने एक K-pop कॉन्सर्ट के बाहर कई लोगों का सामान भी बिना किसी सुरक्षा के पड़ा देखा. उनके मुताबिक लोग अपना लगेज मेट्रो स्टेशन के बाहर छोड़कर आराम से कॉन्सर्ट में चले गए थे.जब उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछा कि उन्हें चोरी का डर नहीं लगता, तो जवाब मिला, 'आखिर कोई इसे क्यों चुराएगा?'
पोस्ट में शख्स ने लिखा कि दूसरे देशों में ऐसी स्थिति की कल्पना करना भी मुश्किल है. उनके मुताबिक दक्षिण कोरिया जैसे हाई-ट्रस्ट समाज में कानून और सामाजिक नियमों का काफी सम्मान किया जाता है. वहां छोटी-मोटी चोरी को भी गंभीरता से लिया जाता है.
लोगों ने क्या कहा
हालांकि सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर अलग-अलग राय भी सामने आई. कई यूजर्स ने कहा कि दक्षिण कोरिया में हर जगह लगे CCTV कैमरे भी लोगों को अपराध करने से रोकते हैं. वहीं कुछ लोगों का कहना था कि अमेरिका के कई छोटे शहरों में भी लोग इसी तरह बिना डर के सामान छोड़ देते हैं.
एक यूजर, जो पिछले 10 साल से दक्षिण कोरिया में रह रहा है, उसने लिखा कि वहां सब कुछ परफेक्ट नहीं है. वर्क-लाइफ बैलेंस और एयर क्वालिटी जैसी समस्याएं हैं, लेकिन रात में बाहर निकलने, दरवाजा लॉक करने या लैपटॉप टेबल पर छोड़ने की चिंता नहीं रहती. यही बात वहां रहने को खास बनाती है.
यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि आखिर किसी समाज में ऐसा भरोसा कैसे बनता है, जहां लोग अपना सामान भी बिना ताले के छोड़ने से नहीं डरते.
aajtak.in