पेरिस में रहने वाले एक शख्स का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह लोगों को उस अपार्टमेंट का टूर कराता नजर आता है, जिसे उसने 'पेरिस का सबसे छोटा अपार्टमेंट' बताया. छोटे से कमरे और अनोखे सेटअप ने इंटरनेट यूजर्स का ध्यान खींच लिया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उसकी बालकनी के खूबसूरत व्यू की हो रही है.
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर सेबेस्टियन हेडबर्ग ने शेयर किया है. वीडियो की शुरुआत में वह किराएदार से पूछते हैं कि पेरिस में कितना किराया देते हो? इस पर वह जवाब देता है कि क्या आपने देखा नहीं? मैं पेरिस के सबसे छोटे अपार्टमेंट में रहता हूं. मैं 600 यूरो किराया देता हूं.600 यूरो इंडियन करेंसी में करीब 66,900 से 67,000 रुपये के बराबर होते हैं.
इसके बाद जब उससे पूछा जाता है कि यह अपार्टमेंट कहां है और क्या इसे देखा जा सकता है, तो वह कहता है कि हां, यह बस कोने पर ही है, चलिए. किराएदार यह भी बताता है कि उसे यह जगह Leboncoin नाम की वेबसाइट पर मिली थी.
देखें वायरल वीडियो
बालकनी ने लोगों का दिल जीत लिया
वीडियो में दोनों बिल्डिंग तक पहुंचते हैं, जहां इंटरव्यू लेने वाला शख्स कहता है कि यह तो बिल्कुल पेरिस जैसा दिखता है. इस पर किराएदार जवाब देता है रुको, जब व्यू देखोगे तब मजा आएगा. मैं सातवीं मंजिल पर रहता हूं. जब उससे पूछा जाता है कि क्या बिल्डिंग में लिफ्ट है, तो वह सिर्फ इतना कहता है कि 134 सीढ़ियां.
यह सुनकर इंटरव्यू लेने वाला मजाक में कहता है कि आज की एक्सरसाइज तो यही होने वाली है. इसके बाद किराएदार लोगों को अपने छोटे से घर के अंदर ले जाता है और कहता है कि घर में आपका स्वागत है.
कमरे के अंदर पहुंचते ही इंटरव्यू लेने वाला हैरान रह जाता है और कहता है कि यह तो कमाल है. इसके बाद किराएदार अपने छोटे से स्पेस का टूर कराते हुए बताता है कि एक तरफ उसके कपड़े रखे हैं और ठीक सामने शॉवर बना हुआ है.
हालांकि कमरे का साइज काफी छोटा है, लेकिन उसकी बालकनी ने लोगों का दिल जीत लिया. जब इंटरव्यू लेने वाला पूछता है कि क्या यह तुम्हारी पसंदीदा जगह है? तो किराएदार जवाब देता है कि हां, मैं इस व्यू से कभी बोर नहीं होता. बालकनी में खड़े होकर वह कहता है कि पूरा पेरिस हमारे हाथों में है.
इस वीडियो को अब तक 70 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. सोशल मीडिया पर लोग मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि सिर्फ यह बालकनी ही किराया वसूल कर देती है. वहीं दूसरे ने मजाक में कहा कि 134 सीढ़ियां चढ़ना किराया नहीं, फिटनेस सब्सक्रिप्शन है..
aajtak.in