'किसी की जान ले लेगा', कुंडली की इस बात से 28 साल के इंजीनियर को कभी नहीं चलाने दी गाड़ी

अहमदाबाद के एक कारोबारी की सोशल मीडिया पोस्ट ने ज्योतिष और कुंडली पर नई बहस छेड़ दी है. दावा है कि एक आईटी इंजीनियर को बचपन से ही वाहन चलाने से रोक दिया गया, क्योंकि उसकी कुंडली में किसी की मौत का योग बताया गया था.

Advertisement
यह दावा सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है यह दावा सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:19 PM IST

क्या सिर्फ कुंडली की वजह से कोई इंसान पूरी जिंदगी गाड़ी चलाना छोड़ सकता है? सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के बाद यही सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. पोस्ट में दावा किया गया है कि 28 साल का एक आईटी इंजीनियर आज तक न साइकिल चला पाया, न बाइक और न ही कार. इसकी वजह उसकी कुंडली बताई गई.

Advertisement

अहमदाबाद के कारोबारी और Pneucons के संस्थापक प्रीतेश लखानी ने X पर एक पोस्ट शेयर की. उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात 28 साल के एक आईटी इंजीनियर से हुई. वह शादीशुदा है, एक छोटे बच्चे का पिता है और अच्छी नौकरी करता है.

लेकिन हैरानी की बात यह है कि उसने कभी कोई वाहन चलाना नहीं सीखा. पोस्ट के मुताबिक, उसके परिवार ने बचपन से ही उसे गाड़ी चलाने की इजाजत नहीं दी. वजह यह थी कि उसकी कुंडली में लिखा था कि अगर वह वाहन चलाएगा तो किसी की जान जा सकती है.

आज भी पिता ही छोड़ते हैं ऑफिस

प्रीतेश लखानी ने लिखा कि इंजीनियर आज भी अपने पिता के साथ ऑफिस जाता है. उसके पिता ही रोज उसे ऑफिस छोड़ते और वापस घर लेकर आते हैं. इतना ही नहीं, उसने कभी साइकिल चलाना भी नहीं सीखा. उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि मैंने अंकल से पूछा कि उनकी कुंडली में AI के बारे में क्या लिखा है?

Advertisement

देखें पोस्ट

कुंडली क्या होती है?

कुंडली या जन्म कुंडली जन्म की तारीख, समय और जगह के आधार पर बनाई जाती है. ज्योतिष में माना जाता है कि इससे करियर, शादी, स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी कई बातें देखी जा सकती हैं. हालांकि, इसके वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं और इसे लेकर लोगों की अलग-अलग राय है.

सोशल मीडिया पर बंट गए लोग

यह पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई. एक यूजर ने लिखा कि हैरानी ज्योतिष से नहीं, बल्कि इस बात से है कि लोग अपने फैसले खुद लेने की बजाय कुंडली पर छोड़ देते हैं.

वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि ज्योतिष में कुछ ऐसे योग होते हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. एक अन्य यूजर ने लिखा कि मेरे एक दोस्त ने सिर्फ इसलिए शादी नहीं की, क्योंकि उसकी कुंडली में पत्नी की जल्दी मौत का योग बताया गया था.

हालांकि, यह दावा सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है. इस मामले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन इस पोस्ट ने एक बार फिर यह बहस जरूर छेड़ दी है कि क्या जीवन के बड़े फैसले सिर्फ कुंडली के आधार पर लेने चाहिए या अपनी समझ और सोच से.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »