ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में गैंगस्टरों ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया. बदमाशों ने पहले एक शख्स की हर गतिविधि पर ड्रोन और जीपीएस डिवाइस से नजर रखी, फिर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी. हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपियों ने उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया और लिखा -हेलो, यह अल्बानियन माफिया है... यह मिस्टर च्यांग की हत्या का वीडियो है.
इस सनसनीखेज मामले ने ऑस्ट्रेलिया में संगठित अपराध के नए तरीके को लेकर चिंता बढ़ा दी है. डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान 35 साल के जैक च्यांग के रूप में हुई है. वह हाल ही में थाईलैंड से छुट्टियां मनाकर सिडनी लौटा था और अपनी मां के साथ कार्लिंगफोर्ड इलाके में रहता था.
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई की सुबह करीब साढ़े पांच बजे कुछ प्लंबर काम पर पहुंचे तो उन्होंने घर के बाहर खड़ी कार में जैक का शव देखा. उसे गोली मारी गई थी. लेकिन इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया, जब पता चला कि जैक का शव मिलने से एक रात पहले ही सोशल मीडिया पर एक ड्रोन वीडियो पोस्ट किया गया था. वीडियो में कथित तौर पर उसकी हत्या दिखाई गई थी.
पोस्ट के साथ लिखा गया था -हेलो, यह अल्बानियन माफिया है... यह मिस्टर च्यांग की हत्या का वीडियो है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात से पहले जैक की लोकेशन ट्रैक करने के लिए एक सीक्रेट GPS डिवाइस का इस्तेमाल किया था. अधिकारियों के मुताबिक, यह संगठित अपराध के बदलते तौर-तरीकों का संकेत है और काफी चिंता की बात है.
यह भी पढ़ें: किम जोंग उन की पार्टियों में अंदर क्या होता था? बॉडीगार्ड ने बताया सीक्रेट
न्यू साउथ वेल्स पुलिस की डिप्टी कमिश्नर माल लैन्यन ने कहा कि अपराधी अब वारदात के वीडियो खुद सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं. इससे दूसरे अपराधियों को भी इस तरह की घटनाओं के लिए बढ़ावा मिल सकता है. फिलहाल हत्या की असली वजह साफ नहीं हो पाई है.
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जैक च्यांग पहले भी पुलिस की जानकारी में था. करीब एक महीने पहले उस पर बिना लाइसेंस हथियार रखने का मामला भी दर्ज हुआ था और वह अदालत में पेश हुआ था.पुलिस अभी हमलावरों और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन की तलाश कर रही है.
यह भी पढ़ें: मलेशिया में बनते हैं सबसे ज्यादा कंडोम... आप जानते हैं इसकी वजह क्या है?
एक्टिंग सुपरिंटेंडेंट माइकल मारिनेलो ने कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार से जुड़ा लग रहा है. उनके मुताबिक, यह कोई सामान्य हमला नहीं बल्कि बेहद सुनियोजित वारदात थी. उन्होंने कहा कि पुलिस को फिलहाल ऐसा नहीं लगता कि आम लोगों के लिए कोई तत्काल खतरा है. घटना के समय घर में मौजूद कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच जारी है.
aajtak.in