कुछ ही दिन पहले अपने कपड़ों की वजह से फ्लाइट में चढ़ने से रोकी गई जर्मनी की फिटनेस इन्फ्लुएंसर और मॉडल एडा एलिसा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनके कपड़े नहीं, बल्कि जिम में बार-बार सेल्फी लेना बना है। एक बड़े जिम चेन ने उनका मेंबरशिप ही रद्द कर दिया है। जिम का कहना है कि वह नियमों का बार-बार उल्लंघन कर रही थीं, जबकि एडा का दावा है कि उन्हें उनकी बढ़ती लोकप्रियता की वजह से निशाना बनाया गया है।
25 साल की एडा एलिसा, जिनका असली नाम एडा पिल्ज है, सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं. टिकटॉक पर उनके करीब 6.49 लाख और इंस्टाग्राम पर 5.51 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. वह पिछले चार साल से जर्मनी के जॉन रीड फिटनेस जिम में वर्कआउट कर रही थीं.
अचानक बंद हो गया जिम का एंट्री कार्ड
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, एडा ने बताया कि उन्हें तब झटका लगा जब एक दिन उनका जिम एक्सेस कार्ड अचानक काम करना बंद कर गया. इसके बाद उन्हें जिम की ओर से एक पत्र मिला, जिसमें बताया गया कि उनकी सदस्यता तुरंत प्रभाव से खत्म की जा रही है. इतना ही नहीं, उन्हें स्विट्जरलैंड को छोड़कर दुनिया भर के सभी जॉन रीड जिम में अनिश्चित समय के लिए बैन कर दिया गया.
क्या थी जिम की शिकायत?
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिम के कई सदस्यों ने शिकायत की थी कि एडा अक्सर लंबे समय तक शीशों के सामने खड़ी होकर फोटो और वीडियो बनाती हैं. इससे दूसरे लोगों को वर्कआउट करने में परेशानी होती है. कुछ लोगों का यह भी कहना था कि वह जिम के शीशों पर जरूरत से ज्यादा कब्जा कर लेती थीं.
हालांकि, एडा इस बात से सहमत नहीं हैं. उन्होंने टिकटॉक पर कहा कि उन्हें यह फैसला समझ नहीं आया, क्योंकि जिम का आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट दूसरे सदस्यों की मिरर सेल्फी भी शेयर करता है. उनका दावा है कि उनकी लोकप्रियता और सोशल मीडिया फॉलोइंग की वजह से कुछ लोग उनसे जलने लगे थे और इसी कारण शिकायतें की गईं.
जॉन रीड फिटनेस ने जर्मन मीडिया को बताया कि एडा की सदस्यता बिना किसी नोटिस के इसलिए खत्म की गई क्योंकि उन्होंने कई बार जिम के नियमों का उल्लंघन किया था. जिम का यह भी कहना है कि उन्हें पहले चेतावनी दी जा चुकी थी. हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि उन्होंने कौन-कौन से नियम तोड़े थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिम के सदस्यों के एक व्हाट्सऐप ग्रुप में भी एडा को लेकर काफी बहस हुई. एक सदस्य ने उनके बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हुए लिखा कि उनके साथ शांति से बात करना बेकार है. इसके बाद यह विवाद और बढ़ गया.
कुछ दिन पहले फ्लाइट में भी रोक दिया गया था
यह पहला मौका नहीं है जब एडा विवादों में आई हैं. जून के आखिर में उन्होंने दावा किया था कि लुफ्थांसा की फ्लाइट में उन्हें बोर्डिंग से इसलिए रोक दिया गया क्योंकि उनका जिम आउटफिट बहुत ज्यादा खुला हुआ माना गया.
यह भी पढ़ें: गर्मी की वजह से पहने थे शॉर्ट ड्रेस, एयरहोस्टेस ने महिला को फ्लाइट में चढ़ने से रोका
एडा के मुताबिक, उस दिन गर्मी काफी थी और उन्होंने टाइट फिटिंग वाले जिम के कपड़े पहन रखे थे. एयरलाइन के एक कर्मचारी ने उनसे कहा कि वह इस हालत में विमान में नहीं चढ़ सकतीं क्योंकि ऐसा लग रहा है, जैसे उन्होंने ठीक से कपड़े ही नहीं पहने हों. इसके बाद एडा ने एक जैकेट पहनी, उसे पूरी तरह बंद किया और तभी उन्हें विमान में चढ़ने की अनुमति मिली.
एडा जर्मनी के कई रियलिटी टीवी शो में भी नजर आ चुकी हैं. लेकिन अब लगातार दो अलग-अलग जगहों पर हुए इन विवादों की वजह से वह एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं.
aajtak.in