कुक-ड्राइवर के साथ वीडियो बनाने का नया ट्रेंड, वायरल हो रहे सेलेब्स के होम स्टाफ

भारत के घरों में डोमेस्टिक हेल्प और परिवार के बीच बनने वाले रिश्ते अब सोशल मीडिया पर भी नजर आने लगे हैं, जहां छोटे-छोटे पलों के जरिए सालों पुराना अपनापन सामने आ रहा है.आखिर क्यों ये रिश्ते लोगों को इतना छू रहे हैं, जानिए पूरी कहानी.

Advertisement
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर पियर्स मॉर्गन ने अपनी हाउस हेल्प के साथ एक तस्वीर शेयर की (Photo:ITG) ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर पियर्स मॉर्गन ने अपनी हाउस हेल्प के साथ एक तस्वीर शेयर की (Photo:ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 30 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:30 PM IST

भारत के कई घरों में सबसे लंबे रिश्ते ऑफिस, स्कूल या मोहल्ले में नहीं, बल्कि घर के अंदर ही बनते हैं. ये रिश्ते चुपचाप शुरू होते हैं. जब कोई सुबह खाना बनाने आता है, कोई बच्चे की देखभाल करता है, बच्चों को स्कूल छोड़ता है या घर को संभालने में हाथ बंटाता है. धीरे-धीरे ये रिश्ता का दायरा सिर्फ काम तक नहीं रहता, बल्कि रोजमर्रा की आदतों, त्योहारों, हंसी-मजाक और आपसी समझ के साथ गहराता चला जाता है. हम बात कर रहे हैं भारत के घरों में डोमेस्टिक हेल्प और घर के लोगों का रिश्ता, जिसकी झलक सोशल मीडिया पर भी दिखने लगी है.

Advertisement

पहले ऐसे रिश्ते घर की चारदीवारी तक ही सीमित रहते थे. इनके बारे में बाहर ज्यादा बात नहीं होती थी. लेकिन अब सोशल मीडिया ने इन्हें एक नई पहचान दे दी है. लोग अपने घर में काम करने वाले लोगों के साथ बिताए खास पलों को शेयर कर रहे हैं. किसी का जन्मदिन, किसी की सालगिरह, या रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातें. ये प्लेटफॉर्म अब इन रिश्तों का एक तरह से डिजिटल रिकॉर्ड बन गया है. जाने-अनजाने लोग उन्हें शुक्रिया कहते हैं, जिन्होंने उनकी जिंदगी आसान बनाई.

सेलेब्रिटीज भी दिखा रहे अपनापन

हाल ही में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर पियर्स मॉर्गन ने अपनी हाउस हेल्प के साथ एक तस्वीर शेयर की. इसके साथ उन्होंने एक भावुक संदेश लिखा, जिसमें 16 साल के साथ, भरोसे और रिश्ते की बात की. यह पोस्ट लोगों को इसलिए खास लगी क्योंकि इसमें दिखा कि ऐसे रिश्ते सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में लोगों की जिंदगी का हिस्सा हैं.

Advertisement

वहीं फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान के व्लॉग्स में उनके कुक दिलीप अक्सर नजर आते हैं. दोनों के बीच की बातचीत-खाना चखना, हल्की-फुल्की नोकझोंक और रोजमर्रा की बातें देखकर लगता है जैसे ये कोई कंटेंट नहीं, बल्कि सालों पुराना रिश्ता है जो कैमरे के सामने आ गया है.

'रामजी बाबा' बने इंटरनेट स्टार

हैदराबाद में 'रामजी बाबा' नाम से जाने जाने वाले कुक भी अचानक सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए. जिस परिवार के साथ वे सालों से जुड़े थे, उन्होंने उनका 70वां जन्मदिन खास अंदाज में मनाया. वीडियो में पहली बार केक काटते हुए रामजी बाबा की खुशी देखने लायक थी. यही वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने उन्हें खूब प्यार दिया.

इसके बाद रामजी बाबा ने अपना इंस्टाग्राम पेज शुरू किया, जहां वे अब खाना बनाने के वीडियो और रेसिपी शेयर करते हैं. लेकिन असल कहानी इससे भी ज्यादा गहरी है. वे उस परिवार के बच्चों के बचपन से जुड़े रहे.उन्हें खिलाना, नई-नई डिश बनाकर खुश करना, यहां तक कि किचन में उन्हें सिखाना भी.

एक सदस्य ने बताया कि जब वह छोटा था, तो रामजी बाबा रंग-बिरंगी छोटी-छोटी इडली बनाते थे ताकि खाने में मजा आए. कभी रागी केसरी, तो कभी अलग-अलग पकवान बनाकर बच्चों को खिलाते थे. धीरे-धीरे बच्चे भी उन्हें देखकर किचन में हाथ आजमाने लगे.

Advertisement

रामजी बाबा खुद कहते हैं कि उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि वे 'काम' कर रहे हैं. वह घर उनके लिए हमेशा घर जैसा ही रहा. बचपन में वे बच्चों के साथ खेलते, क्रिकेट खेलते, पेड़ों पर चढ़ते जैसे परिवार का ही हिस्सा हों. उनके मुताबिक जिंदगी में अच्छे और बुरे दोनों पल आते हैं, लेकिन बैलेंस बनाए रखना ही खुश रहने का सीक्रेट है.

रिश्ते जो नौकरी से आगे बढ़ जाते हैं

इसी तरह कंटेंट क्रिएटर जीत कपूर के वीडियो में उनके कुक 'मणिक दा' भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए हैं. दोनों के बीच बातचीत सिर्फ रेसिपी तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जिंदगी, सोच और अनुभव तक पहुंच जाती है. यही सादगी लोगों को जोड़ती है.

एक और वायरल वीडियो में एक दुल्हन अपनी बचपन की नैनी 'अम्मा' से शादी में मिलती है. दोनों एक-दूसरे को गले लगाकर रो पड़ती हैं. ये सिर्फ एक मुलाकात नहीं, बल्कि सालों के रिश्ते की झलक थी.

वहीं एंटरप्रेन्योर अंकुर वारिकू ने अपने ड्राइवर के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा. उन्होंने उसे सिर्फ ड्राइवर नहीं, बल्कि 'ट्रस्टेड पार्टनर' बताया जो सालों से उनके साथ हर सफर में रहा.

सोशल मीडिया ने दी इन रिश्तों को नई पहचान

ये सारी कहानियां एक बात साफ करती हैं.घर में काम करने वाले लोग सिर्फ कर्मचारी नहीं होते, बल्कि परिवार का हिस्सा बन जाते हैं. कुक को हर किसी की पसंद पता होती है, ड्राइवर रोजमर्रा की जिंदगी का गवाह होता है, और नैनी बच्चों को बड़ा होते देखती है.

Advertisement

आज सोशल मीडिया ने इन रिश्तों को एक मंच दिया है, जहां ये अनकही कहानियां खुलकर सामने आ रही हैं. शायद यही वजह है कि लोग इनसे इतना जुड़ाव महसूस करते हैं क्योंकि ये रिश्ते दिखावे के नहीं, बल्कि दिल से बने होते हैं.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: यशना तलवार)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement