प्री- फ्लाइट अनाउंसमेंट में पायलट ने की ऐसी कॉमेडी, वीडियो को मिले 40 लाख से ज्यादा व्यूज

प्लेन में एक पायलट ने इस अंदाज में प्री फ्लाइट अनाउंसमेंट की, कि पैसेंजर की हंसी छूट गई. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को अब तक लाखों व्यूज मिल चुके हैं.

Advertisement
पायलट ने प्री फ्लाइट अनाउंसमेंट में लगाया कामेडी का तड़का (Photo - Instagram/@ rachael_fitz) पायलट ने प्री फ्लाइट अनाउंसमेंट में लगाया कामेडी का तड़का (Photo - Instagram/@ rachael_fitz)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:14 AM IST

हवाई जहाज में सफर करने से पहले आपने पायलट को यात्रियों को सुरक्षा से जुड़ी जरूरी बातें बताते तो जरूर सुना होगा. लेकिन क्या हो, जब पायलट सीट बेल्ट बांधने और सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ ऐसे मजेदार जोक्स सुनाने लगे कि पूरा विमान हंसी से गूंज उठे? 

ऐसा ही कुछ डेल्टा एयरलाइंस की एक फ्लाइट में देखने को मिला. यहां पायलट ने अपने मजाकिया अंदाज से यात्रियों का दिल जीत लिया. उसके अनोखे अनाउंसमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे 40 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है.

Advertisement

टॉयलेट से लेकर इंजन तक पर मारे मजेदार जोक्स
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर राचेल नाम की एक यात्री ने शेयर किया है. इसमें निक नाम के पायलट को फ्लाइट के सफर से पहले यात्रियों को मजेदार अंदाज में जानकारी देते हुए सुना जा सकता है. उनकी बातें सुनकर विमान में बैठे यात्री हंसने लगते हैं.

पायलट निक ने अपने अनाउंसमेंट की शुरुआत ही कुछ अलग अंदाज में की. उन्होंने यात्रियों को विमान के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट का इस्तेमाल करने की सलाह दी. लेकिन इसके साथ उन्होंने ऐसी बात कही कि लोग हंस पड़े.

निक ने बताया कि विमान के पिछले हिस्से में दाईं ओर बने टॉयलेट में एक खिड़की भी है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में इसे 'नजारे वाला टॉयलेट' बताया. इसके बाद उन्होंने कहा कि अगर वह खुद इसका इस्तेमाल करते, तो खिड़की का पर्दा गिरा देते. आखिर पता नहीं, बाहर से कौन उड़ता हुआ आ जाए! उनकी इस बात पर यात्रियों की हंसी छूट गई. लेकिन निक का कॉमेडी शो यहीं खत्म नहीं हुआ.

Advertisement

इंजन की आवाज को बताया बीमार व्हेल जैसी
पायलट ने आगे विमान के इंजन का जिक्र किया. उन्होंने यात्रियों को बताया कि टैक्सी करते समय यानी रनवे की ओर बढ़ते हुए इंजन से कुछ अजीब आवाजें आ सकती हैं. इसके बाद उन्होंने इन आवाजों की तुलना एक बीमार व्हेल की आवाज से कर दी.

निक ने कहा कि विमान के पंख के पास से ऐसी आवाज आ सकती है, मानो कोई बीमार व्हेल आवाज निकाल रही हो. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह सामान्य बात है.

उनके इस अंदाज ने यात्रियों को एक बार फिर हंसने पर मजबूर कर दिया. आमतौर पर विमान के इंजन की आवाज सुनकर यात्री थोड़ा परेशान हो सकते हैं, लेकिन निक ने मजाक के जरिए माहौल को हल्का कर दिया.

अपनी फ्लाइंग स्किल्स पर भी किया मजाक
पायलट ने आगे सफर को लेकर भी दिलचस्प बातें कहीं. उन्होंने बताया कि उस दिन वह काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं और यात्रियों को उनकी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचाने की पूरी कोशिश करेंगे.

इस दौरान उन्होंने अपनी उड़ान भरने की क्षमता पर भी मजाक किया. निक ने कहा कि वह यात्रियों को तय समय से पहले मंजिल तक पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि हर चीज उनके नियंत्रण में नहीं होती.

Advertisement

निक ने छोटे यात्रियों यानी बच्चों के लिए भी एक खास ऑफर दिया. उन्होंने कहा कि जो बच्चे विमान के उतरने के बाद कॉकपिट देखना चाहते हैं, वे वहां आ सकते हैं. बच्चे पायलट की सीट पर बैठकर तस्वीर भी खिंचवा सकते हैं.

यात्रियों ने तालियां बजाकर किया स्वागत
अनाउंसमेंट के आखिर में निक ने डेल्टा एयरलाइंस से सफर करने के लिए सभी यात्रियों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें अपना काम बहुत पसंद है और यात्री उन्हें यह काम करने का मौका देते हैं. इसके लिए वह उनके आभारी हैं.

पायलट की बातें सुनकर यात्रियों ने तालियां बजाईं और खुशी जाहिर की. फ्लाइट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है. इसे 40 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है.

कई यूजर्स ने पायलट के मजाकिया अंदाज की तारीफ की. कुछ लोगों का कहना है कि ऐसे क्रू मेंबर्स सफर को यादगार बना देते हैं, तो कुछ ने कहा कि निक ने अपने अंदाज से उनका दिन बना दिया.

आमतौर पर फ्लाइट में सफर के दौरान यात्रियों को सुरक्षा संबंधी निर्देश और जरूरी जानकारियां सुनने को मिलती हैं. लेकिन पायलट निक ने उन्हीं बातों को इतने मजेदार अंदाज में पेश किया कि यात्रियों के लिए यह सफर सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का जरिया नहीं, बल्कि हंसी-खुशी का यादगार अनुभव बन गया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »