क्या कोई अपनी गर्लफ्रेंड के पीरियड ब्लड को फ्रीजर में रख सकता है? सुनने में यह अजीब लग सकता है, लेकिन दुनिया के सबसे चर्चित लॉन्गेविटी (लंबी उम्र) एक्सपेरिमेंट्स करने वाले टेक करोड़पति ब्रायन जॉनसन ने खुद खुलासा किया है कि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड केट टोलो के पीरियड ब्लड का सैंपल -80 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले फ्रीजर में सुरक्षित रखा है. उनके इस खुलासे ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है.
ब्रायन जॉनसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उन्होंने करीब 10 मिलीलीटर पीरियड ब्लड का सैंपल स्टोर किया है. पहली नजर में यह अजीब लग सकता है, लेकिन उनका कहना है कि इसके पीछे मकसद महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी रिसर्च को बेहतर ढंग से समझना है.
आखिर क्यों रखा पीरियड ब्लड?
ब्रायन जॉनसन के मुताबिक, मासिक धर्म का रक्त सिर्फ खून नहीं होता. इसमें गर्भाशय (यूटरस) से जुड़ी कोशिकाएं, इम्यून सेल्स और स्टेम सेल्स जैसी कई महत्वपूर्ण चीजें होती हैं. उनका दावा है कि इसकी जांच से गर्भाशय के स्वास्थ्य के बारे में ऐसी जानकारी मिल सकती है, जो सामान्य ब्लड टेस्ट से हमेशा नहीं मिलती.
यह भी पढ़ें: 'लंबी उम्र जीना चाहते है तो तुरंत छोड़ दें ये 3 काम', अरबपति ब्रायन जॉनसन ने खोला अपना एंटी-एजिंग सीक्रेट!
उन्होंने यह भी कहा कि इस सैंपल में माइक्रोप्लास्टिक, PFAS (फॉरएवर केमिकल्स) और हार्मोन सिस्टम को प्रभावित करने वाले कुछ रसायनों की मौजूदगी का भी अध्ययन किया जा सकता है. उनके मुताबिक, भविष्य में यह महिलाओं के स्वास्थ्य पर होने वाली रिसर्च के लिए उपयोगी साबित हो सकता है.
देखेंं पोस्ट
लेकिन क्या यह कोई इलाज है?
नहीं. ब्रायन जॉनसन का यह निजी प्रयोग किसी तरह का स्थापित इलाज या मेडिकल सलाह नहीं है. वैज्ञानिक कई वर्षों से इस बात पर शोध कर रहे हैं कि क्या पीरियड ब्लड से महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य और कुछ बीमारियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. हालांकि, घर में पीरियड ब्लड फ्रीज करना न तो कोई मानक चिकित्सा पद्धति है और न ही इसे एंटी-एजिंग थेरेपी माना जाता है.
कौन हैं ब्रायन जॉनसन?
ब्रायन जॉनसन अमेरिकी टेक कारोबारी हैं, जिन्होंने ऑनलाइन पेमेंट कंपनी ब्रेनट्री की स्थापना की थी. साल 2013 में पेपॉल ने इस कंपनी का करीब 800 मिलियन डॉलर में अधिग्रहण किया था. इसके बाद से ब्रायन ने अपना पूरा ध्यान लॉन्गेविटी रिसर्च पर लगा दिया.
उनका ब्लूप्रिंट प्रोजेक्ट दुनिया भर में चर्चा का विषय रहा है. इसके तहत वह सख्त प्लांट-बेस्ड डाइट, तय समय पर नींद, नियमित व्यायाम, दर्जनों सप्लीमेंट्स और सैकड़ों मेडिकल टेस्ट के जरिए अपनी जैविक उम्र को धीमा करने की कोशिश करते हैं. उनके कई प्रयोग पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
ब्रायन जॉनसन के इस नए खुलासे ने इंटरनेट पर लोगों को दो हिस्सों में बांट दिया है. कुछ लोग इसे महिलाओं के स्वास्थ्य पर रिसर्च के लिए दिलचस्प पहल मान रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे जरूरत से ज्यादा अजीब प्रयोग बता रहे हैं.
फिलहाल इतना जरूर है कि ब्रायन जॉनसन ने एक बार फिर अपने अनोखे प्रयोग से इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है. हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि उनके व्यक्तिगत प्रयोगों को आम लोगों के लिए चिकित्सीय सलाह या उपचार नहीं माना जाना चाहिए.
aajtak.in