अमरनाथ यात्रा से हर साल आस्था की कई तस्वीरें सामने आती हैं. इस बार एक शिवभक्त का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.उत्तर प्रदेश के रहने वाले सुनील पिछले 413 दिनों से अमरनाथ यात्रा पर हैं. उनकी यात्रा का तरीका लोगों को हैरान कर रहा है.
सुनील न तो पैदल चल रहे हैं और न ही किसी वाहन का सहारा ले रहे हैं. वह थर्माकोल की एक शीट पर पेट के बल लेटकर खुद को धीरे-धीरे आगे बढ़ाते हुए अमरनाथ गुफा की ओर बढ़ रहे हैं. उनकी इस कठिन यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
413वें दिन भी नहीं टूटा हौसला
अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को उनकी यात्रा का 413वां दिन था. जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरते हुए सुनील को थर्माकोल की शीट पर लेटे-लेटे आगे बढ़ते देखा गया. उनका सफर बेहद धीमा है, लेकिन आस्था और संकल्प में कोई कमी नहीं दिखती.
हजारों श्रद्धालु जब अमरनाथ यात्रा के लिए इस मार्ग से गुजर रहे थे, तब कई लोग सुनील को देखकर रुक गए. कुछ ने उनका वीडियो बनाया, तो कई श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर उनकी श्रद्धा को प्रणाम किया.
सुरक्षा बल भी दे रहे साथ
अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी आवाजाही रहती है. ऐसे में सुरक्षा में तैनात जवान भी सुनील के साथ चलते नजर आए, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित तरीके से जारी रह सके.
आस्था का ऐसा रूप कम ही देखने को मिलता है
अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार अलग-अलग तरीके से बाबा बर्फानी के दर्शन करने पहुंचते हैं. लेकिन सुनील की यात्रा इसलिए अलग है, क्योंकि वह पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से बेहद कठिन परिस्थितियों में लगातार आगे बढ़ रहे हैं.
उनकी यह तपस्या अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है. लोग उनकी सहनशक्ति, धैर्य और भगवान शिव के प्रति अटूट विश्वास की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं अमरनाथ
अमरनाथ यात्रा हिंदू धर्म की सबसे पवित्र यात्राओं में से एक मानी जाती है. हर साल देशभर से लाखों श्रद्धालु हिमालय की कठिन चढ़ाई पार कर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इस बार सुनील की अनोखी यात्रा ने इस धार्मिक यात्रा को एक अलग पहचान दे दी है.
अशरफ वानी