ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इस समय कोरोना वायरस की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं. उन्हें आईसीयू में रखा गया. ऐसे में ब्रिटेन की सरकार को एक अजीब सवाल का सामना करना पड़ा जिसके जवाब में सरकार ने बस 'नो कमेंट' कह दिया.
दरअसल, जॉनसन के संक्रमित होने के बाद ब्रिटेन के विदेश सचिव जब सरकार के फैसलों के बारे में बता रहे थे तो बीबीसी के संवाददाता ने उनसे एक सवाल पूछ लिया.
विदेश सचिव डॉमनिक रैब से पत्रकार ने पूछा कि जब देश के प्रधानमंत्री बीमार हैं तो इस वक्त न्यूक्लियर बटन किसके हाथों में है. इसके जवाब में कैबिनेट मंत्री माइकल गोव ने कहा, इसके लिए अच्छी तरह से विकसित किया गया एक प्रोटोकॉल है और उसी के तहत वो सही जगह है. उन्होंने कहा, "मैं वास्तव में राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर बात नहीं कर सकता."
बता दें कि ब्रिटिश सरकार ने मंगलवार को यह बताने से इनकार कर दिया कि यूनाइटेड किंगडम के परमाणु कोड की जिम्मेदारी किसकी है. देश के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को इस वक्त आईसीयू में रखा गया है.
ब्रिटेन आधिकारिक तौर पर दुनिया के पांच परमाणु संपन्न देशों में से एक हैं. ब्रिटेन के पास चार परमाणु पनडुब्बियां हैं जो परमाणु वारहेड्स से भरी ट्रिडेंट II बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस हैं. यूनाइटेड किंगडम के पास लगभग 215 परमाणु वारहेड्स का भंडार है, हालांकि लगभग 120 ही परिचालन के लिए उपलब्ध है.