चिड़ियाघर के बाड़े में एक शख्स ने छलांग लगा दी और वह कुछ देर में ही शेर की सामने था. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों की बदौलत इसकी जान तो बच गई लेकिन 5 साल पहले इसी चिड़ियाघर में एक शख्स सेल्फी लेने के चक्कर में सफेद बाघ के बाड़े में गिर गया था. बाघ ने उसके टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे. यह हैरान कर देने वाली यह घटना दिल्ली के चिड़ियाघर में हुई.
दिल्ली के चिड़ियाघर में शेर के बाड़े में एक शख्स कूद गया. लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी और नीचे छलांग लगा दी. वह शख्स इतने पर ही नहीं रुका. वह शेर के पास बैठ गया. शेर बाड़े में किसी और को देख कर चौंक गया और वह उसके चारों तरफ घूमने लगा.
यह देखकर वहां खड़े सुरक्षाकर्मियों के होश उड़ गए. वह आनन-फानन में बाड़े में कूदे और शख्स की जान बचाई. ये शख्स मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है. इसे पुलिस थाने ले गई है जहां पूछताछ जारी है.
रीहान खान नाम का यह शख्स का मूलतः पूर्वी चंपारण का रहने वाला है. पिछले कई दिनों से सीलमपुर में रह रहा था जिसको बचाने के लिए जू प्रशासन की 4 टीमें बाड़े में कूदी जिसके बाद इसको बचाया गया.
इससे 5 साल पहले दिल्ली के इसी चिड़ियाघर में वो हादसा हो गया था, जिसे सुनकर कलेजा मुंह को आ जाए और पत्थर दिल भी कांप जाएं. दिल्ली चिड़ियाघर में सफेद बाघ ने एक नौजवान को फाड़ डाला था जो उसकी फोटो लेने की कोशिश में बाड़े में घुस आया था.
मकसूद नाम का लड़का काफी देर तक बाड़े में टाइगर के सामने हाथ जोड़े रहा लेकिन मौत ने उसे नहीं बख्शा था. यह घटना सितंबर 2014 की थी.