इस समय पूरी दुनिया कोरोना से जंग लड़ रही है और इस वायरस की वजह से अब तक 9 हजार से ज्यादा लोग काल के गाल में समा चुके हैं. ऐसे में दूसरे देशों की तरह भारत भी यात्रा प्रतिबंध, लॉकडाउन, समेत तमाम कदम उठा रहा है लेकिन कुछ लोगों को ये रास नहीं आ रहा है.
कुछ ऐसा ही हुआ जम्मू-कश्मीर में एयरपोर्ट पर जब बांग्लादेश में पढ़ाई कर रहे 160 से ज्यादा छात्र श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे और उन्हें आइसोलेशन में जाने को कहा गया तो वो भड़क उठे.
सुरक्षा संभाल रही एजेंसी ने एयरपोर्ट पर बांग्लादेश से लौटे छात्रों को एहतियातन एकांतवास में जाने को कहा तो वो विरोध करते हुए वहीं तोड़फोड़ करने लगे. छात्रों ने हवाई अड्डे की खिड़कियों को तोड़ दिया.
मामला बिगड़ता देख वहां पुलिस को बुलाया गया तब जाकर इन छात्रों को आइसोलेशन में भेजा जा सका. बता दें कि कोरोना वायरस के प्रसार की वजह से भारत में अब तक 200 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 4 लोगों की जान जा चुकी है.
पिछले 24 घंटे में इस वायरस से दुनिया में 712 लोगों की मौत हुई. संक्रमित लोगों की संख्या 90,293 है. यूरोप में कोविड-19 तेजी से फैल रहा है. एएफपी की खबर के अनुसार, ईरान में कोरोना वायरस संक्रमण से और 149 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है.
बता दें कि दुनियाभर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या गुरुवार तक 9,000 के पार पहुंच गयी है. एएफपी ने अलग-अलग देशों के आधिकारिक सूत्रों से एकत्र किए गए आंकड़ों के आधार पर यह संख्या जारी की है.
जापान में गुरुवार तक कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले महज 924 थे और इससे मरने वालों की संख्या 29 दूसरी तरफ जापान के पड़ोसी चीन में अब तक कोरोना से संक्रमण के 81 हजार मामले सामने आ चुके हैं.
बृहस्पतिवार तक कोरोना वायरस से कुल 9,020 लोगों की मौत हुई है. इनमें से यूरोप में मरने वाले लोगों की संख्या 4,134 जबकि एशिया में 3,416 है.