कोरोना महामारी ने हमारे जीने का तरीका ही बदल कर रख दिया है. ऐसा माना जा रहा है कि कोविड- 19 का असर लंबे समय तक हमारे जीवन पर रहेगा. अब लोग कोरोना के साथ जीना सीख रहे हैं. गुजरात के नाडियाड में कुछ ऐसा ही होता दिख भी रहा है. यहां पर एक सैलून के कर्मचारी PPE किट पहनकर लोगों के बाल काट रहे और शेव कर रहे हैं.
(Photo Aajtak)
गुजरात का नाडियाड ऑरेंज जोन में है इसलिए यहां पर सैलून खोलने की छूट मिली हुई है. लेकिन कोरोना महामारी की वजह से एहतियात बेहद जरूरी है. इसलिए सैलून के मालिक ने अपने यहां आने वाले ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए यह नया तरीका अपनाया है. PPE सूट की जरूरत डॉक्टर, नर्स, कोरोना मरीज के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है. लेकिन अब इसे सैलून कर्मचारी पहन कर अपना काम कर रहे हैं.
(Photo Aajtak)
इस सैलून में सुरक्षा का खास इंतजाम किया गया है. यहां पर ग्राहक को पहले अच्छे सैनिटाइज किया जाता है. कुर्सी पर बैठाने से पहले डिस्पोजेबल शॉक्स पहनाए जाते हैं. एक डिस्पोजेबल कपड़े से उनका पूरा शरीर को कवर किया जाता है. जिससे काटे हुए बाल उसी कपडे़ पर गिरें. बाल काटने के बाद उन कपड़ों और शॉक्स को डिस्पोज कर दिया जाता है.
(Photo Aajtak)
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए हम अपना काम करना हर किसी के लिए बेहद जरूरी हो गया है. गौरतलब है कि गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के कई नये मामले सामने आये हैं. जिसकी वजह से सुरक्षा बेहद जरूरी हो गई है.
(Photo Aajtak)
सैलून के मालिक विशाल लिम्बाचिया ने कहा कि सैलून के अंदर हम सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रख रहे हैं और सरकार द्वारा निर्धारित सभी तरह की सावधानियां बरत रहे हैं. हम पूरा ध्यान रख रहे हैं कि चाहे ग्राहक हो या कर्मचारी किसी को भी संक्रमण न हो. मौजूदा समय में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हर किसी के लिए पीपीई किट पहनना बेहद आवश्यक हो गया है.
(Photo Aajtak)