Bhimashankar Temple Reopen Date: भारत में काफी सारे मंदिर हैं, जहां पर हजारों की संख्या में लोग दर्शन करने जाते हैं. खासतौर पर चार धामयात्रा और 12 ज्योतिर्लिंगों में लोगों के भीड़ देखने को मिलती है. अगर आप भी लंबे समय से भगवान शिव के छठे ज्योतिर्लिंग भीमाशंकर मंदिर के दर्शन करने का इंतजार कर रहे थे, तो आपके लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है. पिछले 5 महीनों से बंद चल रहे मंदिर के कपाट आखिरकार भक्तों के लिए दोबारा खुलने जा रहे हैं.
तपती जून की गर्मी में आप अपने परिवार के साथ इस पवित्र और आध्यात्मिक यात्रा का प्लान बना कर सकते हैं, क्योंकि भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का यह सबसे सही समय है. आइए जानते हैं दर्शन की तारीख, नियमों और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से जुड़ी सभी जरूरी बातें.
5 महीने से क्यों बंद था मंदिर?
9 जनवरी 2026 से भीमाशंकर मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन पूरी तरह से बंद कर दिए गए थे. दरअसल, नासिक में आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर मंदिर परिसर का नवीनीकरण का काम किया जा रहा था. भक्तो को बेहतर सुविधाएं देने के लिए यहां बड़े लेवल पर बुनियादी ढांचा विकास, नए सभामंडप का निर्माण और जीर्णोद्धार का काम जारी था.
अधिकारियों के मुताबिक, पुनर्निर्माण का आखिरी चरण अब पूरा हो चुका है. फिलहाल मंदिर परिसर की सफाई और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का काम आखिरी पड़ाव पर है.
दर्शन के लिए लागू हुए नए नियम
अगर आप भी भीमाशंकर मंदिर के दर्शन करने का प्लान कर रहे हैं तो यह जरूर जान लीजिए कि भीड़ को कंट्रोल करने और सभी को आसानी से दर्शन कराने के लिए प्रशासन ने इस बार नियमों में कुछ बड़े बदलाव किए हैं.
5 जून से शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रोसेस
अगर आप बाबा भीमाशंकर के दर्शन करना चाहते हैं, तो आपको पहले से ही अपनी सीट बुक करनी होगी. क्योंकि बिना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के मंदिर में एंट्री मिलना मुश्किल होगा, इसलिए घर से निकलने से पहले अपनी बुकिंग जरूर कर लें. ऑनलाइन पंजीकरण 5 जून से शुरू हो रहा है.
आप भीमाशंकर मंदिर की ऑफिशियल वेबसाइट shreebhimashankar.com पर जाकर अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं. जिन श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन सफल रहेगा, उनकी नाम लिस्ट मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर शो होगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क