खिड़की के बाहर 'जन्नत' का नजारा, भारत के ये रेलवे ट्रैक सफर को बना देंगे यादगार

कहते हैं असली मजा मंजिंल में नहीं, रास्ते में होता है और भारत के कुछ रेलवे रूट इस बात को पूरी तरह सच साबित करते हैं. ये ऐसे सफर हैं, जहां ट्रेन सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि खुद एक अनुभव बन जाती है. अगर आप भी इस साल किसी यादगार और सुकून भरे सफर की तलाश में हैं, तो इन खास ट्रेन यात्राओं को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें.

Advertisement
दार्जिलिंग की मशहूर टॉय ट्रेन (Photo: incredibleindia.gov.in) दार्जिलिंग की मशहूर टॉय ट्रेन (Photo: incredibleindia.gov.in)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 25 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:21 PM IST

भारत में कई ऐसे रेलवे मार्ग हैं जो घने जंगलों, दूधिया झरनों और ऊंचे पहाड़ों के बीच से होकर गुजरते हैं. इन रास्तों पर ट्रेन की खिड़की से दिखने वाले नजारे किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगते. अगर आपको भी नेचर से प्यार है और इस साल किसी यादगार सफर पर निकलना चाहते हैं, तो ये रेलवे रूट्स आपकी लिस्ट में जरूर होने चाहिए. हालांकि, इन रूट्स पर भीड़ काफी रहती है, इसलिए अपनी यात्रा को आसान बनाने के लिए PNR स्टेटस और बुकिंग की जानकारी पहले से रखना बेहतर रहता है.

Advertisement

1. कोंकण रेलवे, महाराष्ट्र

महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक को जोड़ने वाला कोंकण रेलवे रूट देश के सबसे सुंदर रास्तों में गिना जाता है. पश्चिमी घाट की पहाड़ियों के बीच से गुजरने वाला यह ट्रैक घने जंगलों, अनगिनत छोटी-बड़ी नदियों और अरब सागर के किनारों से होकर निकलता है. मॉनसून के दौरान तो यहां की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है, जब चारों तरफ झरने और हरियाली दिखाई देती है.

यह भी पढ़ें: इस होटल में होगी रश्मिका और विजय की शादी,जानें क्यों है यह इतना खास

2. माथेरान हिल रेलवे, महाराष्ट्र

महाराष्ट्र का माथेरान एक ऐसा हिल स्टेशन है, जहां गाड़ियां ले जाना मना है और यहां पहुंचने का सबसे मजेदार जरिया है माथेरान हिल रेलवे. यह भारत की सबसे छोटी रेल लाइनों में से एक है. संकरी पटरी पर चलती यह ट्रेन आपको पश्चिमी घाट के घने जंगलों और खड़ी चट्टानों के बीच से ले जाती है, जहां की ताजी हवा और शांति आपका दिल जीत लेगी.

Advertisement

3. नीलगिरी माउंटेन रेलवे, तमिलनाडु

तमिलनाडु की नीलगिरी पहाड़ियों में चलने वाली यह ट्रेन यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है. ऊटी और कुन्नूर जैसे खूबसूरत हिल स्टेशनों से होकर गुजरने वाला यह रास्ता धुंध से ढकी पहाड़ियों और हरे-भरे चाय के बागानों की सैर कराता है. दक्षिण भारत के सबसे शांत और सुंदर नजारों का लुत्फ उठाने के लिए यह रूट सबसे बेस्ट माना जाता है.

4. दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे, पश्चिम बंगाल

दार्जिलिंग की मशहूर 'टॉय ट्रेन' का सफर आपको हिमालय की बर्फीली चोटियों के करीब ले जाता है. यह नैरो-गेज मार्ग सुगंधित चाय के बागानों और पहाड़ी मैदानों के बीच से टेढ़ा-मेढ़ा होकर निकलता है. इस यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाला 'बटासिया लूप' और 'घूम मठ' पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां से कंचनजंगा चोटी का अद्भुत नजारा साफ दिखाई देता है.

यह भी पढ़ें: प्राइवेट आईलैंड, लग्ज़री विला और राजसी ठाठ-बाट... हकीकत से ज्यादा हसीन है अल्ट्रा-रिच लोगों की दुनिया

5. कांगड़ा घाटी रेलवे, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत कांगड़ा घाटी की सैर करने के लिए यह रेलवे रूट सबसे शानदार है. यह ट्रेन आपको सीढ़ीदार खेतों, चीड़ के जंगलों और घुमावदार नदियों के बीच से ले जाती है. इस पूरे सफर में पीछे की तरफ भव्य धौलाधार पर्वतमाला दिखाई देती है. रास्ते में ऐतिहासिक कांगड़ा किला और पोंग बांध जैसे नजारे इस यात्रा को और भी यादगार बना देते हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement