Advertisement

सैर सपाटा

पाकिस्तानी और खालिस्तानी धमकियों ने लंदन में भारतीय रेस्टोरेंट को बंद करने पर मजबूर किया

aajtak.in
  • नई दिल्ली ,
  • 27 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:30 PM IST
  • 1/5

लंदन में भारतीय जायके की खुशबू बिखेरने वाला रेस्टोरेंट 'रंगरेज़' (Rangrez) अब बंद होने जा रहा है. हैमरस्मिथ में स्थित यह रेस्टोरेंट पिछले 16 सालों से न केवल अपनी तड़का दाल और बटर चिकन के लिए जाना जाता था, बल्कि हज़ारों भारतीयों के लिए 'घर से दूर एक घर' की तरह था. लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ कि एक सफल रेस्टोरेंट को इस तरह बंद करने का फैसला लेना पड़ा. इस शटडाउन के पीछे सिर्फ आर्थिक कारण नहीं, बल्कि गहरे विवाद की एक लंबी कहानी है. रेस्टोरेंट के सिख मालिक हरमन सिंह कपूर का आरोप है कि उन्हें 'हलाल मीट' न परोसने के अपने फैसले के कारण लगातार निशाना बनाया गया. पाकिस्तानी समूहों द्वारा कथित हमले, कट्टरपंथी तत्वों की धमकियां और स्थानीय पुलिस से मदद न मिलने की वजह से वो ये फैसला ले रहे हैं. क्या है लंदन से भारत तक गूंज रहे इस पूरे विवाद की कहानी?

Photo: facebook.com/ @Harman Singh Kapoor
 

  • 2/5

हरमन सिंह कपूर और उनकी पत्नी मिलकर यह रेस्टोरेंट चलाते थे.  उन्होंने X पर लिखा कि 16 यादगार सालों के बाद अगले महीने हैमरस्मिथ स्थित 'रंगरेज' को बंद करना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ समूहों ने इंटरनेट पर उन्हें लगातार धमकाया और रेस्टोरेंट में आकर नारेबाजी और हंगामा किया. उनका यह भी कहना है कि उन्हें पुलिस से उम्मीद के मुताबिक मदद नहीं मिली.

Photo- X/@kingkapoor72

  • 3/5

कट्टरपंथी खालिस्तानी तत्वों के मुखर आलोचक रहे कपूर ने पहले भी कहा है कि उनके विचारों के कारण उन्हें लगातार धमकियों और हमलों का निशाना बनाया गया है. उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक नज़र डालने से जिसके 77,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं, ऐसे कई पोस्ट मिलते हैं, जिनमें उन्होंने खालिस्तानी समर्थकों की आलोचना की है और पाकिस्तान का मजाक उड़ाया है. इसके अलावा, उनके सोशल मीडिया हैंडल पर यूके पुलिस और प्रधानमंत्री किर स्टार्मर (Keir Starmer) की कार्यप्रणाली की आलोचना करने वाले पोस्ट भी मौजूद हैं.

Photo: facebook.com/ @Harman Singh Kapoor
 

Advertisement
  • 4/5

पिछले महीने, पंजाब में जन्मे कपूर ने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें एक नकाबपोश व्यक्ति लंदन में उनके घर के बाहर खड़ी उनकी कार में तोड़फोड़ करता नजर आ रहा था, उस समय वह देश से बाहर थे. इस घटना पर कपूर ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए पोस्ट किया था- "यह कोई अकेली घटना नहीं है. कानून का पालन करने वाले नागरिकों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है, जबकि अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं. यह चुप्पी और निष्क्रियता अस्वीकार्य है."

पिछले साल भी कपूर पर पाकिस्तानी मूल के लोगों के एक समूह ने हमला किया था. एक वीडियो में कपूर ने आरोप लगाया कि उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया था, लेकिन उल्टा उन्हें ही गिरफ्तार कर लिया गया, क्योंकि उस समूह ने झगड़ा शुरू करने का दोष उन पर मढ़ दिया था. उस वीडियो में उन्होंने तंज कसते हुए कहा था, "मुझे इसलिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि मेरा नाम 'खान' नहीं है और मैं आतंकवादी नहीं हूं"

Photo: facebook.com/ @Harman Singh Kapoor
 

  • 5/5

खालिस्तानी मुद्दे पर कपूर के मुखर विचारों ने उन्हें 2023 में भी मुश्किलों में डाल दिया था. मार्च 2023 में, कथित खालिस्तानी समर्थकों द्वारा उनके रेस्टोरेंट को निशाना बनाए जाने के बाद उन्हें अस्थायी रूप से 'रंगरेज़' को बंद करना पड़ा था.
उस भयानक अनुभव को बयां करते हुए कपूर ने दावा किया कि "छिपे हुए हथियारों" से लैस लोगों का एक समूह उनके रेस्टोरेंट में आया था, कांच के दरवाजों को पीटा और पंजाबी में भद्दी गालियां दीं.

वैसे तो गूगल रिव्यू पर 'रंगरेज' को 3.9 स्टार की रेटिंग मिली हुई है और अब तक 859 लोगों ने इसे रिव्यू किया है. कई ग्राहकों ने खाने और स्वाद की तारीफ की, जबकि कुछ ने सर्विस को औसत बताया. रेस्टोरेंट की वेबसाइट के मुताबिक, यहां भारतीय खाने की अलग-अलग वैरायटी मिलती है, जिसमें करी, तंदूरी डिश और स्ट्रीट फूड शामिल हैं.

Photo: facebook.com/ @Harman Singh Kapoor
 

Advertisement
Advertisement