स्मार्टफोन इंडस्ट्री में गूगल और ऐपल के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिलती है. दोनों कंपनियां ऐसे फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स के साथ अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन लॉन्च करती हैं जो पूरे मार्केट में चर्चा का विषय बन जाते हैं.
आने वाले कुछ महीनों में यह मुकाबला फिर देखने को मिल सकता है, क्योंकि गूगल और ऐपल अपने नए स्मार्टफोन लाइनअप लॉन्च करने की तैयारी में हैं. आइए जानते हैं दोनों कंपनियों के आने वाले स्मार्टफोन्स के बारे में.
ऐपल आमतौर पर अपने नए हार्डवेयर और डिवाइसेज़ सितंबर महीने में लॉन्च करता है. इस साल भी कंपनी iPhone 18 सीरीज़ को सितंबर 2026 में लॉन्च कर सकती है. वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल की नई Pixel 11 सीरीज़ अगस्त 2026 में लॉन्च हो सकती है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐपल इस बार अपने नए स्मार्टफोन में कैमरा, परफॉर्मेंस, बैटरी एफिशिएंसी और डिजाइन पर खास फोकस कर सकता है.
डिस्प्ले
iPhone 18 Pro में 6.3-इंच LTPO OLED डिस्प्ले मिल सकता है, जो 120Hz ProMotion रिफ्रेश रेट के साथ आएगा. रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी पीक ब्राइटनेस 3000 निट्स तक हो सकती है. साथ ही डायनैमिक आइलैंड पहले से छोटा हो सकता है क्योंकि ऐपल फेस आईडी के कुछ कंपोनेंट्स को डिस्प्ले के अंदर शिफ्ट कर सकता है.
परफॉर्मेंस कैसी होगी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro में नया A20 Pro 2nm प्रोसेसर दिया जा सकता है. इसके चलते परफॉर्मेंस में 10% से 20% तक का सुधार देखने को मिल सकता है. साथ ही पावर कंजम्प्शन भी कम हो सकता है, जिससे बैटरी लाइफ बेहतर होगी. ऐपल इंटेलिजेंस फीचर्स भी पहले से ज्यादा तेज़ काम कर सकते हैं.
मेमोरी
iPhone 18 Pro में 12GB RAM मिलने की उम्मीद है. इससे मल्टीटास्किंग और AI फीचर्स का इस्तेमाल और भी स्मूद हो सकता है. ऐपल के प्रो मॉडल्स हमेशा हाई-एंड एक्सपीरियंस के लिए जाने जाते हैं.
कैमरा में क्या होगा खास?
रिपोर्ट्स के अनुसार, फोन में 48MP का वेरिएबल अपर्चर कैमरा मिल सकता है. इसकी मदद से यूजर्स कैमरे में आने वाली लाइट को बेहतर तरीके से कंट्रोल कर पाएंगे.
इसके अलावा 48MP का टेलीफोटो लेंस और 48MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी देखने को मिल सकता है. टेलीफोटो कैमरे को खासतौर पर लो-लाइट फोटोग्राफी के लिए बेहतर बनाया जा सकता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल भी अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन में कई बड़े बदलाव कर सकता है. इस बार कंपनी ने आर्किटेक्चरल बदलावों के साथ-साथ कैमरा और परफॉर्मेंस को भी बेहतर बनाने पर काम किया है.
डिस्प्ले
Pixel 11 Pro में 6.3-इंच LTPO OLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है. इसके साथ 120Hz रिफ्रेश रेट दिया जा सकता है. वहीं पीक ब्राइटनेस लगभग 2450 निट्स तक हो सकती है.
प्रोसेसर में क्या बदलाव होंगे?
Pixel 11 Pro में गूगल का नया Tensor G6 2nm प्रोसेसर देखने को मिल सकता है. इसे कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा परफॉर्मेंस अपग्रेड माना जा रहा है. इससे फोन की स्पीड और AI कपाबिलिटी में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है.
मेमोरी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल 12GB RAM और 16GB RAM के विकल्प दे सकता है. इससे यूजर्स अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से मॉडल चुन सकेंगे.
कैमरा में क्या होगा खास?
Pixel 11 Pro में ट्रिपल कैमरा सेटअप देखने को मिल सकता है. इसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर, 48MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 48MP का टेलीफोटो कैमरा दिया जा सकता है. टेलीफोटो कैमरे के साथ 5x ऑप्टिकल ज़ूम मिलने की भी उम्मीद है. वहीं सेल्फी कैमरा 42MP का हो सकता है.
कौन होगा ज्यादा दमदार?
दोनों स्मार्टफोन्स के लीक हुए स्पेसिफिकेशन्स काफी दमदार नजर आते हैं. गूगल और ऐपल के फैंस इन स्मार्टफोन्स का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो साल के आखिर तक दोनों फ्लैगशिप स्मार्टफोन बाजार में एक दूसरे को कड़ी टक्कर देते नजर आ सकते हैं.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क