गर्मी बढ़ने के साथ एयर कंडीशनर यानी AC की मांग तेज लेकिन अब एक नई तकनीक चर्चा में है, जिसका नाम हीट पंप है. यूरोप में खास तौर पर ठंडी जगहों पर घरों में हीट पंप्स इंस्टॉल किए हुए हैं. फ्रांस में लगभग 40 लाख हीट पंप यूनिट्स लगे हुए हैं.
सवाल यह है कि क्या हीट पंप भारत में AC की जगह ले सकता है? क्या इससे बिजली का बिल कम आएगा? और क्या इसे भारतीय घरों में लगाना सही रहेगा? आइए आसान भाषा में समझते हैं.
एयर कंडीशनर (AC) और हीट पंप में क्या अंतर है?
नॉर्मल AC का काम सिर्फ कमरे को ठंडा करना होता है. यह कमरे की गर्मी बाहर निकालता है और अंदर ठंडी हवा देता है. सर्दियों में अगर आपको कमरा गर्म करना हो, तो अलग से हीटर की जरूरत पड़ती है.
यह भी पढ़ें: ऐमेजॉन सेल का आखिरी दिन: सस्ते दाम में AC खरीदने का आखिरी मौका, हाथ से न निकल जाए ये मौका!
हीट पंप भी लगभग AC की तरह ही काम करता है, लेकिन इसमें एक बड़ा फर्क है. यह सिर्फ ठंडी हवा ही नहीं देता, बल्कि जरूरत पड़ने पर उसी सिस्टम से गर्म हवा भी दे सकता है. यानी एक ही मशीन गर्मियों में AC और सर्दियों में हीटर का काम कर सकती है.
यह नई गर्मी पैदा नहीं करती, बल्कि एक जगह की गर्मी दूसरी जगह पहुंचाती है. इसी वजह से यह ज्यादा ऊर्जा बचाने वाली तकनीक मानी जाती है.
हीट पंप बिजली की बचत कैसे करता है?
हीट पंप बिजली का इस्तेमाल गर्मी बनाने के लिए नहीं करता, बल्कि गर्मी को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए करता है. यही वजह है कि यह कई मामलों में पारंपरिक इलेक्ट्रिक हीटर से काफी कम बिजली खर्च करता है.
एक्सपर्ट्स के मुताबिक एक अच्छा हीट पंप 1 यूनिट बिजली खर्च करके कई यूनिट के बराबर हीट या कूलिंग दे सकता है. इसलिए लंबे समय में बिजली की खपत कम हो सकती है.
क्या भारत में हीट पंप एयर कंडीशनर की जगह ले सकता है?
भारत के लिए इसका जवाब थोड़ा अलग है. हमारे देश के ज्यादातर हिस्सों में साल का बड़ा हिस्सा गर्म रहता है. सर्दी केवल कुछ राज्यों और कुछ महीनों तक रहती है. ऐसे में ज्यादातर लोगों को सिर्फ कूलिंग की जरूरत होती है.
यह भी पढ़ें: AC कौन सा है बेस्ट? विंडोज या स्प्लिट, ये हैं फायदे और नुकसान
अगर आप दिल्ली, चंडीगढ़, देहरादून, शिमला, कश्मीर या उत्तर भारत के ऐसे इलाकों में रहते हैं जहां गर्मी और सर्दी दोनों पड़ती है, तो हीट पंप अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इससे अलग-अलग AC और हीटर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
लेकिन अगर आप चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद या केरल जैसे इलाकों में रहते हैं, जहां हीटिंग की जरूरत बहुत कम पड़ती है, तो नॉर्मल इन्वर्टर AC अभी भी ज्यादा प्रैक्टिकल और किफायती ऑप्शन हो सकता है. एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि भारत में फिलहाल हीट पंप की सबसे बड़ी चुनौती इसकी शुरुआती कीमत और लिमिटेड उपलब्धता है.
यह भी पढ़ें: पूरे घर में एक AC से चलेगा काम! ना तोड़फोड़- ना इंस्टॉलेशन
हीट पंप की शुरुआती कीमत आम AC से ज्यादा हो सकती है. हालांकि अगर किसी घर में पूरे साल हीटिंग और कूलिंग दोनों की जरूरत पड़ती है, तो बिजली की बचत के कारण कुछ सालों में इसकी एक्स्ट्रा कॉस्ट निकल सकती है. यही वजह है कि यूरोप और अमेरिका जैसे देशों में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है.
भारत में फिलहाल नॉर्मल स्प्लिट और विंडो AC सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाते हैं. लेकिन इलेक्ट्रिसिटी बचाने वाली तकनीक और बिजली की बढ़ती कीमतों को देखते हुए आने वाले सालों में हीट पंप की मांग भी बढ़ सकती है. खासतौर पर ऐसे घरों में जहां पूरे साल तापमान में बड़ा बदलाव आता है.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क