'सीना तानकर खड़ी हूं...', हार के बाद WFI पर भड़कीं विनेश फोगाट, कहा- पूरा सिस्टम हमारे खिलाफ

एशियन गेम्स ट्रायल्स में हार के बाद महिला पहलवान विनेश फोगाट का गुस्सा खुलकर सामने आ गया. मीनाक्षी गोयत से सेमीफाइनल हारने के बाद विनेश ने भारतीय कुश्ती महासंघ पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पूरा सिस्टम उनके खिलाफ खड़ा था.

Advertisement
विनेश फोगाट एशियन गेम्स 2026 में भाग नहीं ले पाएंगी. (Photo: Getty) विनेश फोगाट एशियन गेम्स 2026 में भाग नहीं ले पाएंगी. (Photo: Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 30 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:07 PM IST

एशियन गेम्स 2026 के लिए 30 मई (शनिवार) को आयोजित ट्रायल्स में विनेश फोगाट को हार झेलनी पड़ी. विमेंस को 53 किलो भारवर्ग के सेमीफाइनल में तीन बार की ओलंपियन विनेश फोगाट को मीनाक्षी गोयत ने 6-4 से हरा दिया. इस हार का मतलब ये हुआ कि विनेश अब एशियन गेम्स 2026 में भाग नहीं ले पाएंगी. एशियन गेम्स 2026 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक जापान के आइची प्रिफेक्चर और नागोया में होना है.

Advertisement

दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित ट्रायल्स में हार के बाद विनेश का दर्द और गुस्सा कैमरों के सामने फूट पड़ा. विनेश ने सिर्फ अपनी हार की बात नहीं की, बल्कि पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा सिस्टम उनके खिलाफ खड़ा नजर आया. विनेश ने कहा कि ट्रायल्स के दौरान सुबह से लेकर शाम तक लगातार परेशानियां होती रहीं और हर पॉइंट पर लड़ाई जैसा माहौल बना रहा.

विनेश फोगाट ने सेमीफाइनल में हार के बाद कहा, 'मैंने अच्छा किया, जितना मैं कर सकती थी. मैंने अपना शत प्रतिशत दिया है. मेरा मानना है कि अगर मैट से बाहर निकलूं तो ये नहीं होना चाहिए कि काश मैं ये कर लेती. मैंने पूरी ताकत झोंक दी. मेहनत कम थी और मेहनत करूंगी. मुझे खुशी इस बात की है कि जब मेरा बेटा बड़ा होगा तो वो याद करेगा कि जब वो 10 महीने का था, तो मम्मी ने मैट पर रेसलिंग की थी. '

Advertisement

विनेश फोगाट कहती हैं, 'मुझे बोलने की जरूर नहीं है. सबने देखा है कितने फेयर तरीके से ये हुआ है. पूरा देश जानता है. आज से नहीं, बहुत दिनों से जो चल रहा वो सब दिख रहा है. एक विनेश के बोलने या नहीं बोलने से कुछ नहीं होता है. दिक्कत ही दिक्कत हो रही है. सुबह से लेकर शाम तक, हर मैच के ऊपर लड़ाई लड़ी जा रही है एक-एक पॉइंट्स के लिए. पूरा सिस्टम एक साइड खड़ा है, और हम सब एक साइड में खड़े हैं, लेकिन हम गर्व से कह सकते हैं कि हम उनके सामने सीना तानकर खड़े हैं और आगे भी लड़ेंगे.'

दरअसल, विनेश फोगाट के लिए यह सिर्फ एक ट्रायल नहीं था, यह पिछले कई महीनों से चल रही लड़ाई का अगला अध्याय था. एशियन गेम्स ट्रायल्स में हिस्सा लेने के लिए भी उन्हें कोर्ट तक जाना पड़ा. डब्ल्यूएफआई उनकी एंट्री का विरोध कर रहा था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था. आखिरकार कोर्ट से राहत मिलने के बाद ही वह ट्रायल्स में उतर सकीं.

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक विनेश सुबह 6:30 बजे ही इंदिरा गांधी स्टेडियम हुंच गई थीं, लेकिन उन्हें वजन मपवाने के लिए करीब दो घंटे तक इंतजार कराया गया. पूरे दिन माहौल तनावपूर्ण बना रहा और हर फैसले पर नजरें टिकी रहीं. इसके बाद जब वह मैट पर उतरीं तो सामने युवा पहलवान मीनाक्षी गोयत थीं, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला जीत लिया.

Advertisement

हार के बावजूद विनेश के तेवर झुके नहीं. मुकाबले के बाद उन्होंने डब्ल्यूएफाई चीफ संजय सिंह की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'मैं वापस आऊंगी.' अब उनका नया बयान भारतीय कुश्ती में चल रहे विवाद को फिर सुर्खियों में ले आया है. विनेश ने साफ कर दिया है कि यह लड़ाई सिर्फ मैट तक सीमित नहीं है और वह आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेंगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »