रिटायरमेंट तोड़ेंगे जॉन सीना? WWE दिग्गज ने बताई कमबैक की शर्त, बोले- एलन मस्क ही बदल सकते हैं मेरा फैसला

WWE के दिग्गज जॉन सीना ने कहा है कि अगर कोई उन्हें रिटायरमेंट से वापस ला सकता है तो वह दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी हैं. सीना ने साथ ही खुलासा किया कि उनका रिटायरमेंट टूर और 'द जॉन सीना क्लासिक' टूर्नामेंट दोनों उनके अपने आइडिया थे, जिन्हें WWE ने बाद में मंजूरी दी.

Advertisement
John Cena ने बताया कौन करा सकता है WWE में उनकी वापसी (Photo: Instagram/@johncena) John Cena ने बताया कौन करा सकता है WWE में उनकी वापसी (Photo: Instagram/@johncena)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 18 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:40 PM IST

WWE (वर्ल्ड रेसल‍िंग इंटरटेनमेंट) के पूर्व 17 बार के वर्ल्ड चैम्प‍ियन जॉन सीना (John Cena) ने अपने इन-रिंग करियर को अलविदा कह दिया है, लेकिन उनकी हालिया कमेंट ने फैन्स के बीच नई चर्चा छेड़ दी है. सीना ने खुलासा किया कि अगर कोई शख्स उन्हें रिटायरमेंट से बाहर आने के लिए मना सकता है, तो वह दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क (Elon Musk) हैं.

Advertisement

सीना पिछले साल अपने विदाई दौरे (Retirement Tour) के बाद WWE रिंग से रिटायर हो गए थे. अपने आखिरी मुकाबले में उन्हें गुंथर (Gunther) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इस मैच में उन्होंने हैरान करने वाले अंदाज में टैप आउट किया था. हालांकि रिटायरमेंट के बाद भी वह रेसलमेन‍िया 42 और बैकलैश 2026 जैसे बड़े WWE इवेंट्स में गैर-रेसलिंग भूमिकाओं में नजर आए.

हाल ही में सैन एंटोनियो में आयोजित SpaceCon इवेंट में फैंस के साथ बातचीत के दौरान सीना से उनकी संभावित वापसी को लेकर सवाल किया गया. इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह किसी भी बात की पूरी गारंटी नहीं दे सकते, लेकिन मौजूदा हालात में अगर कोई उन्हें वापसी के लिए मना सकता है तो वह एलन मस्क हैं.

सीना ने हंसते हुए कहा कि इसके लिए मस्क को अपनी अपार संपत्ति का बड़ा हिस्सा खर्च करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक वह खुद को रिटायर ही मानते हैं.

Advertisement

रिटायरमेंट टूर किसका आइड‍िया था? 
इस बीच जॉन सीना ने अपने रिटायरमेंट टूर और द जॉन सीना क्लास‍िक (The John Cena Classic) टूर्नामेंट को लेकर भी बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि WWE में उनके विदाई दौरे का आइडिया पूरी तरह उनका अपना था.

सीना के मुताबिक, उन्होंने सबसे पहले WWE अधिकारियों के सामने रिटायरमेंट टूर का प्रस्ताव रखा था. इस आइडिया को पेश करने और मंजूरी मिलने के बाद कंपनी को इसे तैयार करने और अंतिम रूप देने में करीब डेढ़ साल का समय लगा.

उन्होंने यह भी बताया कि 'द जॉन सीना क्लास‍िक' टूर्नामेंट का विचार भी उनका ही था. इस प्रोजेक्ट को लेकर WWE के चीफ कंटेंट ऑफिसर ट्रि‍पल एच ( Triple H) से चर्चा करने और प्लान‍िंग को अंतिम रूप देने में कई महीने लगे.

सीना ने कहा कि टूर्नामेंट को लेकर पहले सही परिस्थितियां बनाई गईं, फिर ट्रिपल एच के साथ विस्तार से बातचीत हुई. पिछले कुछ महीनों से दोनों पक्ष इसकी रूपरेखा पर काम कर रहे हैं और अब इसे आगे बढ़ाने की तैयारी है.

फिलहाल WWE फैन्स के लिए राहत की बात यह है कि भले ही जॉन सीना रिंग से रिटायर हो चुके हों, लेकिन वह समय-समय पर कंपनी के बड़े इवेंट्स में दिखाई देते रहते हैं. हालांकि उनकी इन-रिंग वापसी होगी या नहीं, इसका जवाब फिलहाल भविष्य के गर्भ में है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »