ये जीत कारगिल के वीरों के नाम! बॉक्सिंग रिंग में भी टिक नहीं सका पाकिस्तान, जादुमणि सिंह ने लगाया विनिंग पंच

जादुमणि सिंह और प्रीति पवार ने शानदार जीत दर्ज कर देश की पदक उम्मीदों को और मजबूत कर दिया. जादुमणि सिंह की जीत काफी खास रही और उन्होंने पाकिस्तानी मुक्केबाज को रिंग में टिकने नहीं दिया. अब दोनों मुक्केबाजों की नजर क्वार्टर फाइनल जीतकर भारत के लिए मेडल पक्का करने पर होगी.

Advertisement
जादुमणि सिंह ने पाकिस्तानी बॉक्सर को रिंग में पछाड़ा. (Photo: PTI) जादुमणि सिंह ने पाकिस्तानी बॉक्सर को रिंग में पछाड़ा. (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • ग्लासगो,
  • 27 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:52 AM IST

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन लगातार जारी है. रविवार (26 जुलाई) को को भारत ने बॉक्सिंग रिंग में पाकिस्तान पर बड़ी जीत दर्ज की. भारतीय मुक्केबाज जादुमणि सिंह ने पुरुषों के मुकाबले में पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. वहीं एशियन गेम्स की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 54 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. अब दोनों भारतीय मुक्केबाज कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं.

Advertisement

एसईसी सेंटर में जादुमणि सिंह के मुकाबले से पहले ही माहौल पूरी तरह भारत के समर्थन में बदल चुका था. चारों ओर 'भारत माता की जय' और 'इंडिया-इंडिया' के नारों की गूंज थी. दर्शकों का जोश इतना था कि मुकाबला शुरू होने से पहले ही भारत-पाकिस्तान मुकाबले का रोमांच चरम पर पहुंच चुका था. ऐसे माहौल में जादुमणि ने जिस आत्मविश्वास और संयम के साथ प्रदर्शन किया, उसने पाकिस्तानी मुक्केबाज को पूरे मुकाबले में कभी वापसी का मौका नहीं दिया.

पहले राउंड में दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे को परखा. लेकिन इसके बाद जादुमणि सिंह ने अपनी रणनीति बदली और लगातार तेज हुक व सटीक स्ट्रेट पंच लगाने शुरू कर दिए. उनकी रफ्तार और टाइमिंग के सामने सुमामा रहमान पूरी तरह बेबस नजर आए. दूसरे राउंड में जादुमणि के एक जोरदार राइट हैंड पंच ने पाकिस्तानी मुक्केबाज को हिला दिया. हालात ऐसे बने कि रेफरी को रहमान को स्टैंडिंग काउंट देना पड़ा. यहीं से मुकाबला पूरी तरह भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में झुक गया.

Advertisement

तीसरे राउंड में जादुमणि पूरे आत्मविश्वास के साथ रिंग के बीचों-बीच खड़े रहे. उन्होंने कई बार पाकिस्तानी मुक्केबाज को हमला करने का न्योता दिया और फिर अपनी शानदार फुटवर्क, तेज काउंटर अटैक और सटीक पंचों से लगातार अंक बटोरते रहे. आखिर में पांचों जजों ने सर्वसम्मति से भारत के पक्ष में फैसला सुनाते हुए जादुमणि को 5-0 से विजेता घोषित कर दिया.

कारगिल के वीरों को समर्पित की जीत
जादुमणि सिंह भारतीय सेना में हैं. यह जीत कारगिल विजय दिवस (26 जुलाई) के अवसर पर मिली, जिससे भारतीय मुक्केबाज के लिए यह क्षण और भी महत्वपूर्ण हो गया. जादुमणि सिंह ने अपनी जीत करगिल विजय दिवस के वीर सैनिकों को समर्पित की. मुकाबले के बाद उन्होंने कहा, 'मैं यह जीत करगिल के नायकों को समर्पित करता हूं. मेरा लक्ष्य सभी मुकाबले जीतकर भारत के लिए गोल्ड मेडल लाना है.' उनका यह बयान स्टेडियम में मौजूद भारतीय समर्थकों के उत्साह को बढ़ाने वाला साबित हुआ.

महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में भारत की स्टार मुक्केबाज प्रीति पवार ने भी अपना दबदबा दिखाया. उन्होंने मलावी की डेबोरा मटेंजे को दूसरे राउंड में रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट (RSC) के जरिए हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. प्रीति ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. पहले राउंड में पांचों जजों ने उन्हें विजेता माना. दूसरे राउंड में मलावी की मुक्केबाज दो बार स्टैंडिंग काउंट का शिकार हुई. आखिरकार मुकाबला खत्म होने से 47 सेकंड पहले रेफरी ने मुकाबला रोक दिया और प्रीति को विजेता घोषित कर दिया.

Advertisement

हालांकि भारत के लिए दिन का अंत पूरी तरह सुखद नहीं रहा. मेन्स 65 किलोग्राम वर्ग में आदित्य प्रताप को युगांडा के नूहू बाट्टे के खिलाफ 2-3 से बेहद करीबी हार का सामना करना पड़ा. कांटे की टक्कर वाले इस मुकाबले में हार के साथ उनका कॉमनवेल्थ गेम्स अभियान पहले ही दौर में समाप्त हो गया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »