रोहित शर्मा का रिटायरमेंट प्लान BCCI ने किया तैयार, लॉर्ड्स ODI में मिल सकता है सरप्राइज, रिपोर्ट में बड़ा दावा

रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल को पहले ही अलविदा कह चुके हैं. फिलहाल अंतिम फैसला रोहित शर्मा को ही लेना है. अब सबकी निगाहें रविवार को होेने वाले लॉर्ड्स वनडे पर टिकी हैं, जहां भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत भी देखने को मिल सकता है.

Advertisement
रोहित शर्मा के ओडीआई करियर को लेकर अटकलें तेज (Photo: Getty Images) रोहित शर्मा के ओडीआई करियर को लेकर अटकलें तेज (Photo: Getty Images)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 16 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:36 PM IST

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा का वनडे करियर निर्णायक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक इंग्लैंड के खिलाफ 19 जुलाई (रविवार) को लॉर्ड्स में खेला जाने वाला सीरीज का तीसरा वनडे भारतीय जर्सी में उनका आखिरी मुकाबला हो सकता है. चयनकर्ता अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाने की तैयारी में हैं.

Advertisement

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर टीम मैनेजमेंट की दीर्घकालिक योजना से सहमत हैं. अगरकर इस समय इंग्लैंड दौरे पर टीम के साथ मौजूद हैं. बताया जा रहा है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप के रोडमैप में रोहित शर्मा अब शामिल नहीं हैं. रिपोर्ट में बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) के एक वरिष्ठ सूत्र के हवाले से कहा गया है कि चयनकर्ता यशस्वी जायसवाल को लगातार मौके देना चाहते हैं. उनका मानना है कि अगले बड़े टूर्नामेंटों से पहले जायसवाल को करीब 20 वनडे मैच खेलने का मौका मिलना चाहिए.
यह भी पढ़ें: IND vs ENG: कार्ड‍िफ ODI में कोहली ने रचा नया इतिहास, विव की बराबरी... निशाने पर संगकारा का रिकॉर्ड

सूत्र ने कहा, 'कोई भी रोहित शर्मा से संन्यास लेने के लिए नहीं कह सकता. लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ सितंबर में होने वाली घरेलू वनडे सीरीज से आगे चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करना चाहते हैं. रोहित अपने भविष्य को लेकर क्या फैसला लेते हैं, यह पूरी तरह उन्हीं पर निर्भर करेगा.'

Advertisement

रोहित शर्मा का हालिया वनडे प्रदर्शन भी सवालों के घेरे में रहा है. पिछले आठ वनडे इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 30.1 की औसत और 88.60 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 241 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला है. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भी रोहित बड़ी पारी नहीं खेल सके. उन्होंने 47 गेंदों पर सिर्फ 26 रन बनाए और विल जैक्स का शिकार बने.
यह भी पढ़ें: U-19 में टीम इंड‍िया के ओपनर्स का धमाका, 295 रनों की पार्टनरश‍िप कर डाली, टूटने से बचा गंभीर का रिकॉर्ड

हालांकि, दूसरी ओर हेड कोच गौतम गंभीर का रुख अलग नजर आता है. हाल ही में आई रिपोर्ट के मुताबिक गौतम गंभीर चाहते हैं कि रोहित शर्मा बिना किसी दबाव के अपना स्वाभाविक खेल खेलें. टीम मैनेजमेंट का मानना है कि लगातार आलोचना और भविष्य को लेकर चल रही अटकलें उनके प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती हैं.

कोहली वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा
सूत्रों के मुताबिक, 'रोहित ने भारतीय क्रिकेट के लिए काफी कुछ किया है. कोच चाहते हैं कि वह उसी अंदाज में बल्लेबाजी करें, जिसके लिए वह जाने जाते हैं. ऐसे खिलाड़ी तब अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं, जब उन पर अतिरिक्त दबाव ना हो.' दिलचस्प बात यह भी है कि विराट कोहली को लेकर टीम मैनेजमेंट पूरी तरह आश्वस्त बताया जा रहा है. उनकी फिटनेस और फॉर्म को देखते हुए वह 2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा माने जा रहे हैं, जबकि रोहित शर्मा के भविष्य पर अब भी संशय बना हुआ है.

Advertisement

रोहित शर्मा पहले ही टेस्ट क्रिकेट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और अब वह सिर्फ वनडे प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र 41 साल के करीब होगी, ऐसे में चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करने के लिए युवाओं को ज्यादा मौके देना चाहते हैं.

अगर लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे वास्तव में रोहित शर्मा के करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साबित होता है, तो भारतीय क्रिकेट एक शानदार सफर का गवाह बनेगा. रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी. वह भारत के सबसे सफल व्हाइट-बॉल कप्तानों और महान सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »