फिर गरजेगा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, कब और किसके खिलाफ खेलेंगे अगला मुकाबला?

बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी बल्ले से लगातार कोहराम मचा रहे हैं. हरारे में वैभव का बल्ला जमकर हल्ला बोला. तीन मैचों की सीरीज में वैभव ने दो अर्धशतक जड़ आलोचकों की बोलती बंद कर दी. भारत के लिए अब वैभव अपना अगला टी20 मैच अक्टूबर में खेलते नजर आ सकते हैं.

Advertisement
वैभव सूर्यवंशी अब किस टीम के खिलाफ खेलेंगे मैच (PHOTO: PTI) वैभव सूर्यवंशी अब किस टीम के खिलाफ खेलेंगे मैच (PHOTO: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 27 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:10 PM IST

जिम्बाब्वे की धरती पर तहलका मचाने के बाद वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चाएं जोरों पर है. वैभव ने जिम्बाब्वे में तीन मैचों की सीरीज में दो अर्धशतक जड़कर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया. वैभव सूर्यवंशी ने हरारे के मैदान पर चौके-छक्कों की झड़ी लगा दी. वैभव की बल्लेबाजी से प्रभावित होकर क्रिकेट के पूर्व दिग्गज फारुख इंजीनियर ने तो उन्हें वनडे क्रिकेट में भी लाने की वकालत कर दी.

Advertisement

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपने डेब्यू दौरे पर ही वह कर दिखाया, जो बड़े-बड़े दिग्गजों के लिए सपना होता है. प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतकर उन्होंने टीम के लिए अपनी अहमियत साबित कर दी है. अपनी परफॉर्मेंस से वैभव ने आने वाले मैचों के लिए भारत की टी20 टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है.

जिम्बाब्वे में वैभव का धमाका देखने के बाद अब फैन्स उनके अगले मैच को लेकर उत्साहित हैं. हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि वैभव अब दोबारा कब नीली जर्सी पहनकर मैदान में गदर मचाते दिखेंगे? लेकिन वैभव का भारत के लिए अगला टी20 मैच खेलने में अभी काफी समय है.

श्रीलंका से टेस्ट खेलेगा भारत?

वैभव को अगले मुकाबले के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा. भारतीय टीम का अगला पड़ाव श्रीलंका दौरा है, जहां टीम इंडिया को 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. वैभव फिलहाल भारतीय टेस्ट क्रिकेट की प्लानिंग का हिस्सा नहीं हैं. चूंकि श्रीलंका दौरा सिर्फ सबसे लंबे फॉर्मेट का है, इसलिए वैभव इस सीरीज में नजर नहीं आएंगे.

Advertisement

जिम्बाब्वे के बाद वेस्टइंडीज की बारी

वैभव के फैन्स के लिए अच्छी खबर यह है कि वे इस साल के अंत में एक बार फिर एक्शन में दिख सकते हैं. जिम्बाब्वे में अपने प्रदर्शन से वैभव ने टी20 टीम में अपना दावा बेहद मजबूत कर लिया है. भारतीय टीम अक्टूबर 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घर पर ही वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी. सीरीज की शुरुआत 3 वनडे मैचों से होगी, जिसके बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी.

वैभव कब खेलेंगे अगला मुकाबला?

वनडे सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच पहला टी20 मैच 6 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का चयन लगभग तय माना जा रहा है. ऐसे में फैन्स अगली बार भारतीय जर्सी में वैभव को नवाबों के शहर लखनऊ में खेलते देख सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »