तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी ने एक बार फिर उम्र और अनुभव को लेकर बहस छेड़ दी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए 36 साल के भुवनेश्वर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने उनके चयन का खुलकर समर्थन किया है और सवाल उठाया है कि आखिर इतने लंबे समय तक इस अनुभवी तेज गेंदबाज को टीम से बाहर क्यों रखा गया.
वसीम जाफर के मुताबिक भुवनेश्वर कुमार की वापसी किसी तरह की मेहरबानी नहीं है. उन्होंने अपने प्रदर्शन और फिटनेस के दम पर टीम में जगह बनाई है. उनका मानना है कि अगर कोई खिलाड़ी लगातार अच्छा कर रहा है, तो सिर्फ उम्र को उसके खिलाफ नहीं इस्तेमाल किया जाना चाहिए.
वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'देर आए, दुरुस्त आए. वो डिजर्व करते हैं. उन्हें चुनकर किसी ने कोई मेहरबानी नहीं की है. उनका प्रदर्शन सामने है और उनकी फिटनेस भी अच्छी रही है. मुझे समझ नहीं आता कि उन्हें पहले क्यों ड्रॉप किया गया था.' जाफर का यह बयान सीधे तौर पर भुवनेश्वर कुमार के लंबे समय तक टीम से बाहर रहने पर सवाल खड़ा करता है. उनके मुताबिक गेंदबाज ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से चयन का दावा लगातार मजबूत किया था.
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड टीम में लौटा ये धुरंधर, IND सीरीज के बाद संभालेगा बड़ी जिम्मेदारी
भुवनेश्वर कुमार ने पिछले कुछ समय में IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. वसीम जाफर ने खास तौर पर उनके फिटनेस रिकॉर्ड और बेहतरीन प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी भुवी को मौका मिला, उन्होंने खुद को साबित किया.
उन्होंने कहा, 'उन्होंने अपनी फिटनेस को बहुत अच्छी तरह बनाए रखा है. जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने अच्छा किया है. वह आईपीएल और उत्तर प्रदेश के लिए हमेशा अच्छा करते रहे हैं. फिर उन्हें क्यों नहीं चुना जा रहा था?'
यह भी पढ़ें: चीफ सेलेक्टर बनेंगे रवींद्र जडेजा? BCCI से पूछ बैठे आवेदन का तरीका, क्या कहता है नियम
वसीम जाफर ने आगे कहा, 'उम्र को थोड़ा साइड में रखना चाहिए. हमारे पास युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन जो अच्छा कर रहे हैं, उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. दबाव के समय आपको अनुभव की जरूरत होती है. आप पूरी तरह युवा टीम के साथ नहीं खेल सकते. अनुभव और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण होना चाहिए.'
भुवनेश्वर कुमार के पास भारतीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है. उन्होंने टीम इंडिया के लिए 21 टेस्ट, 121 ओडीआई और 87 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 90 विकेट दर्ज हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनकी मौजूदगी अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और प्रिंस यादव जैसे युवा तेज गेंदबाजों के लिए भी अहम हो सकती है. स्विंग गेंदबाजी और नई गेंद से गेंद को दोनों तरफ मूव कराने की उनकी क्षमता टीम के लिए अतिरिक्त विकल्प देती है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में होगा. इसके बाद सीरीज का अगला मुकाबला भी क्राइस्टचर्च में 22 अक्टूबर को निर्धारित है. तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, चौथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और पांचवां मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा.
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क