'HD में दिखी सच्चाई, बायकॉट कम शर्मनाक होता...', दानिश कनेरिया ने उड़ाया पाकिस्तानी टीम का मजाक

पाकिस्तानी टीम ने पहले तो भारत के खिलाफ मुकाबले का बायकॉट करने का फैसला किया था. हालांकि आईसीसी की सख्ती के बाद उसने मुकाबला खेलने का फैसला लिया. पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ मुकाबले में उतरी जरूर, लेकिन वो बुरी तरह मात खा गई.

Advertisement
टी20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को धो दिया (Photo: Reuters) टी20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को धो दिया (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • कोलंबो,
  • 16 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 2:00 PM IST

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान पर अपना वर्चस्व साबित कर दिया. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार (15 फरवरी) को खेले गए ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत ने पडो़सी मुल्क पर 61 रनों से जीत हासिल की. जीत के चलते भारतीय टीम मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 राउंड में पहुंच गई. वहीं हार के चलते पाकिस्तान के सुपर-8 के समीकरण को तगड़ा झटका लगा है.

Advertisement

अब पाकिस्तानी टीम की रणनीति और चयन को लेकर बहस तेज हो गई है. मैच के बाद पूर्व पाकिस्तानी स्पिनर दानिश कनेरिया ने कप्तान सलमान अली आगा की अगुवाई वाली टीम पर खुलकर निशाना साधा. कनेरिया ने कटाक्ष करते हुए लिखा कि यदि पाकिस्तानी टीम मैच का बहिष्कार करती तो ये कम शर्मनाक होता.

मुकाबले से ठीक पहले डेरा गाजी खान के सभी तहसीलों में मैच की सार्वजनिक स्क्रीनिंग की घोषणा की गई थी. इस पर दानिया कनेरिया ने तंज कसते हुए लिखा कि प्रशंसक हाई डेफिनिशन (HD) में वास्तवकिता को सही से देख पाए. उनका यह बयान तेजी से वायरल हो गया और फैन्स के बीच चर्चा का विषय बन गया.

टूर्नामेंट से पहले यह हाईवोल्टेज मुकाबला विवादों में भी घिर गया था, पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया था. हालांकि, आईसीसी के साथ बातचीत के बाद पाकिस्तान ने यू-टर्न लेते हुए मैच खेलने की पुष्टि की. लेकिन मैदान पर कहानी बिल्कुल अलग रही.

Advertisement

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. 'प्लेयर ऑफ द मैच' ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख तय कर दिया. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत से ही लड़खड़ाहट दिखी. भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ के साथ लगातार दबाव बनाए रखा. अक्षर पटेल, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को 114 रनों पर समेट दिया.

यह हार भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल इतिहास में पाकिस्तान की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी पराजय बन गई. बड़े मुकाबलों में बार-बार मिल रही नाकामी ने पाकिस्तान क्रिकेट में आत्ममंथन की मांग को और तेज कर दिया है. अब सवाल यही है कि क्या पाकिस्तानी टीम अपनी रणनीति और संयोजन में बड़े बदलाव करेगी या भारत के खिलाफ मैच में सरेंडर करने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा?

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement