भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ लगातार अपनी बल्लेबाजी से पहचान बना रहे हैं. कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) T20 ट्रॉफी में 1 जुलाई को खेले गए मुकाबले में समित ने ऐसी बल्लेबाजी की कि सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हो रही है. कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स की ओर से खेलते हुए 20 वर्षीय बल्लेबाज ने 23 गेंदों पर 32 रन बनाए और अपनी पारी में छह शानदार चौके जड़े.
समित ने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि मैदान के चारों ओर शानदार शॉट्स भी लगाए. उन्होंने बैकफुट कट, पुल शॉट, कवर ड्राइव और लॉफ्टेड ड्राइव जैसे कई बेहतरीन स्ट्रोक खेले. उनकी बल्लेबाजी में कहीं न कहीं उनके पिता राहुल द्रविड़ की तकनीक और क्लास की झलक भी देखने को मिली. उनकी बैटिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
हुबली के KSCA क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में समित द्रविड़ ने रोहन पाटिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 रन की अहम साझेदारी की. इस साझेदारी ने बेंगलुरु ब्लास्टर्स को मजबूत शुरुआत दिलाई और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ गई.
समित के आउट होने के बाद रोहन पाटिल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने 38 गेंदों में 64 रन बनाए, जबकि प्रवीण दुबे ने 28 गेंदों में 51 रन की तेजतर्रार अर्धशतकीय पारी खेली. दोनों के बीच 51 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई. आखिर में शिवराज ने सिर्फ सात गेंदों में 23 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट पर 203 रन तक पहुंचा दिया.
हुबली टाइगर्स की ओर से वैभव शर्मा ने 3 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जबकि अभिषेक अहलावत ने दो विकेट अपने नाम किए.
आखिरी गेंद तक चला रोमांच
204 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी हुबली टाइगर्स ने भी जबरदस्त संघर्ष किया. अनीश्वर गौतम ने 23 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि शिवकुमार रक्षित ने 30 गेंदों पर 41 रन की उपयोगी पारी खेली.
इसके बाद मानवंथ कुमार ने सिर्फ 22 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मुकाबले को पूरी तरह रोमांचक बना दिया. अभिनव मनोहर ने भी 15 गेंदों में 21 रन जोड़े. आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे, लेकिन बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने दबाव बनाए रखा और हुबली टाइगर्स की टीम 7 विकेट पर 201 रन ही बना सकी.
बेंगलुरु की ओर से निश्चित राव ने 27 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि विद्वत कावेरप्पा ने दो विकेट हासिल किए. मानवंथ और अभिनव मनोहर के अहम विकेटों ने मुकाबले का रुख बदल दिया.
पॉइंट टेबल में मजबूत हुई स्थिति
इस रोमांचक जीत के साथ कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने सात मैचों में अपनी छठी जीत दर्ज की. टीम के अब 12 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर मजबूती से बनी हुई है.
बेंगलुरु ब्लास्टर्स इससे पहले गुलबर्गा मिस्टिक्स, शिवमोग्गा योधास, कोस्टल किंग्स मंगलुरु (दो बार) और एक बार फिर शिवमोग्गा योधास को हरा चुकी है. टीम की अब तक इकलौती हार मैसूर वॉरियर्स के खिलाफ आई है. दूसरी ओर, हुबली टाइगर्स की टूर्नामेंट में यह तीसरी हार रही.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क