इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन अपने बचपन के क्लब लंकाशायर से अलग होने के फैसले से खुश नहीं हैं. क्लब ने 2027 सीजन के लिए उनके कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है. इसके बाद एंडरसन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिखकर अपनी निराशा जाहिर की. उन्होंने साफ किया कि अगर फैसला उनके हाथ में होता, तो 25 साल का यह रिश्ता इस तरह खत्म नहीं होता.
बचपन से लंकाशायर के लिए खेलने का था सपना
44 साल के जेम्स एंडरसन ने लंकाशायर के लिए अपना पहला फर्स्ट क्लास मुकाबला 2001 में खेला था. इसके बाद से उनका क्लब के साथ लंबा जुड़ाव रहा. उन्होंने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी लंकाशायर के लिए खेलना जारी रखा. 2026 सीजन में उन्हें टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी मिली.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के भाई आशीर्वाद ने बल्ले से उड़ाया गर्दा, तूफानी शतक ठोक टीम को दिलाई जीत, VIDEO
एंडरसन ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ओल्ड ट्रैफर्ड में खेलने के लिए मैदान पर उतरना मेरे लिए हमेशा से खास रहा है और इससे जुड़ी मेरी कुछ अविश्वसनीय यादें हैं, जिनमें कप्तान होने का सम्मान भी शामिल है. अगर यह मेरे हाथ में होता, तो इसका अंत इस तरह नहीं होता, लेकिन मैं खिलाड़ियों और प्रशंसकों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं.'
शानदार प्रदर्शन के बावजूद नहीं मिला नया कॉन्ट्रैक्ट
लंकाशायर के लिए एंडरसन का पिछला सीजन प्रदर्शन के लिहाज से प्रभावशाली रहा. उन्होंने काउंटी चैम्पियनशिप के 11 मुकाबलों में 50 विकेट हासिल किए. उनका औसत लगभग 17 रन प्रति विकेट रहा. इसके बावजूद टीम डिवीजन-2 में सातवें स्थान पर रही.
लंकाशायर के नए डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट पॉल फरब्रेस ने बताया कि क्लब अगले तीन से चार सालों में अपनी टीम को मजबूत बनाना चाहता है. उसका लक्ष्य डिवीजन-2 से प्रमोशन हासिल करना और आगे चलकर डिवीजन-1 का खिताब जीतने की चुनौती पेश करना है. इसी योजना के तहत एंडरसन का कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया गया.
यह भी पढ़ें: ईशान किशन की वापसी पर फिलहाल लगा ब्रेक... BCCI ने दिया चोट पर नया अपडेट
क्या दूसरे क्लब के लिए खेलेंगे एंडरसन?
एंडरसन के लंकाशायर से अलग होने के बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. ब्रिटिश मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ अन्य काउंटी क्लब उन्हें अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
हालांकि, एंडरसन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह किसी दूसरे क्लब के लिए खेलना जारी रखेंगे या क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लेंगे. इंग्लैंड के लिए 188 टेस्ट मैचों में 704 विकेट लेने वाले एंडरसन टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के सबसे सफल तेज गेंदबाज हैं. लंकाशायर के साथ उनके 25 साल के सफर का इस तरह अंत होना उनके फैन्स के लिए भी भावुक पल है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क