इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शानदार शुरुआत करने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अब राजस्थान रॉयल्स (RR) की रणनीति से पूरी तरह खुश नहीं हैं. टीम के लिए 200 रन बनाने वाले इस खिलाड़ी ने हाल ही में 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर इस्तेमाल किए जाने पर नाराजगी जताई है.
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले में सूर्यवंशी 'गोल्डन डक' का शिकार हुए. उन्हें डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे ने शॉर्ट बॉल पर चौंकाते हुए आउट किया. गेंद उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर विकेटकीपर सलील अरोड़ा के हाथों में चली गई.
मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के फील्डिंग कोच ट्रेवर पेनी ने बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि वैभव इस बात से निराश हैं कि उन्हें लगातार इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे उन्हें फील्डिंग का मौका नहीं मिल रहा.
पेनी ने कहा- पिछले मैच में जब वह नहीं खेले तो वह खुश नहीं थे. वह फील्डिंग करना पसंद करते हैं. ऐसा नहीं है कि वह खराब फील्डर हैं.
यह भी पढ़ें: SRH की जीत पर पर झूम उठीं काव्या मारन, चेहरे पर दिखी अलग खुशी
दरअसल, डोनोवन फरेरा के फिट होकर टीम में लौटने से सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा. फरेरा SA20 के दौरान कॉलरबोन इंजरी से जूझ रहे थे, लेकिन अब फिट होकर लौटे हैं और अपनी बेहतरीन फील्डिंग के कारण टीम में जगह बना ली है.
फरेरा ने SRH के खिलाफ इस भरोसे को सही साबित किया. टीम जब 9 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, तब उन्होंने पारी को संभाला. फरेरा ने 44 गेंदों पर 69 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे.
उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की, जो IPL इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारियों में से एक है. खास बात यह रही कि यह फरेरा का IPL में पहला अर्धशतक था.
यह भी पढ़ें: जूते खरीदने के पैसे नहीं थे, मां ने गहने बेचे… IPL में चमका बिहार का बेटा साकिब हुसैन, कहानी झकझोर देगी
इससे पहले फरेरा को IPL में ज्यादा मौके नहीं मिले थे. 2024 में RR के लिए दो मैच खेले, लेकिन बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला. दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी वह सिर्फ एक मैच खेल पाए थे.
क्या फिर से इम्पैक्ट प्लेयर बनेंगे सूर्यवंशी?
RR को इस मुकाबले में सीजन की पहली हार झेलनी पड़ी. अब टीम का अगला मुकाबला 19 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ ईडन गार्डन्स में होगा. इस मैच में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वैभव सूर्यवंशी को फिर से इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा या उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क