इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) का अभियान भले ही पटरी से उतर चुका हो, लेकिन टीम के सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने व्यवहार से एक बार फिर साबित किया कि असली महानता सिर्फ प्रदर्शन में नहीं, बल्कि इंसानियत में भी होती है.
हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे रोहित शर्मा अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं. रविवार (3 मई) को टीम के वैकल्पिक अभ्यास सत्र में शामिल होने पहुंचे. जब ज्यादातर खिलाड़ी आराम कर रहे थे, तब रोहित मैदान पर लौटकर अपनी फिटनेस हासिल करने में जुटे थे.
नेट्स में बल्लेबाजी के दौरान रोहित शर्मा का एक तेज शॉट पास खड़े ग्राउंड्समैन को जा लगा. 27 वर्षीय सिबन बिस्वास उस समय काम में व्यस्त थे और गेंद सीधे उनके घुटने पर लगी, जिससे वह चोटिल हो गए. घटना के तुरंत बाद रोहित शर्मा खुद दौड़कर उनके पास पहुंचे और चोट के बारे में पूछा.
यह भी पढ़ें: खिड़कियों के शीशे तोड़ने से WORLD RECORD तक... 39 के रोहित शर्मा की अनसुनी कहानी
सिबन बिस्वास ने उन्हें आगे खेलने को कहा, लेकिन रोहित शर्मा ने उन्हें अकेले नहीं छोड़ा. बिस्वास ने मिड-डे को बताया, 'रोहित सर तुरंत आए और मेरी चोट के बारे में पूछा. मैंने उन्हें खेलने को कहा, लेकिन कुछ देर बाद वह खुद आइस पैक लेकर आए और दवा व स्प्रे भी भिजवाया.'
चोट लगने के बावजूद सिबन बिस्वास के लिए यह पल यादगार बन गया. उन्होंने कहा, 'दर्द तो था, लेकिन रोहित सर से हाथ मिलाने का मौका मिला, यह मेरे लिए खास है.' रोहित शर्मा का यह व्यवहार दिखाता है कि वह सिर्फ टीम के लिए नहीं, बल्कि खेल से जुड़े हर व्यक्ति के प्रति सम्मान रखते हैं- चाहे वह खिलाड़ी हो या सपोर्ट स्टाफ.
मुंबई इंडियंस ने जीते हैं सिर्फ 2 मुकाबले?
इस सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. टीम 9 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है और प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है. कप्तान हार्दिक पंड्या भी मान चुके हैं कि यह सीजन टीम के लिए बढ़िया नहीं रहा.
रोहित शर्मा अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और उनकी वापसी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. यह देखना बाकी है कि वह लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अगले मैच में खेल पाते हैं या नहीं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क