दिल्ली कैपिटलस को आईपीएल 2026 के बीच एक बड़ी राहत मिली है. टीम के स्टार ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) आखिरकार दिल्ली कैम्प से जुड़ गए हैं. हालांकि उनकी वापसी में देरी चोटों की वजह से हुई, लेकिन अब फ्रेंचाइज़ी को सीजन के अहम फेज से पहले बड़ी मजबूती मिलती दिख रही है.
स्टार्क आईपीएल 2026 की शुरुआत से ही कंधे और कोहनी की चोट से जूझ रहे थे. ये समस्या एशेज सीरीज के दौरान वर्कलोड (153 से ज्यादा ओवर) के कारण बढ़ी. इसके बाद जनवरी के अंत में बिग बैश लीग में कैच पकड़ने की कोशिश में गिरने से चोट और गंभीर हो गई. फरवरी में जब उन्होंने गेंदबाजी की कोशिश की, तो दर्द बरकरार रहा, जिसके चलते उन्हें सिडनी में लंबा रिहैब करना पड़ा.
आखिरकार 23 अप्रैल 2026 को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें फिट घोषित किया, जिसके बाद वह दिल्ली कैम्प से जुड़ पाए.उनकी गैरमौजूदगी में दिल्ली की पेस अटैक की जिम्मेदारी मुकेश कुमार, टी नटराजन और लुंगी एनगिडी ने संभाली. खासतौर पर नगिडी ने 6 मैचों में 7 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है.
अगर पिछले सीजन की बात करें, तो स्टार्क ने आईपीएल 2025 में दिल्ली के लिए शानदार प्रदर्शन किया था. 11 मैचों में 14 विकेट लेने के अलावा उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विशाखापट्टनम में 5/35 का बेहतरीन स्पेल डाला था. वह दिल्ली कैपिटल्स के इतिहास में पांच विकेट लेने वाले पहले विदेशी तेज गेंदबाज बने थे. हालांकि, वह सीजन पूरा किए बिना ही वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे.
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या स्टार्क आज (25 अप्रैल) पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेंगे? जवाब है: नहीं. टीम मैनेजमेंट उन्हें जल्दबाजी में उतारने के मूड में नहीं है. करीब तीन महीने के ब्रेक के बाद वह पहले ट्रेनिंग और मैच फिटनेस पर ध्यान देंगे. सूत्रों के मुताबिक, स्टार्क 1 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला खेल सकते हैं. अगर सब कुछ सही रहा, तो वह लीग स्टेज के बाकी मैचों और प्लेऑफ में टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे.
aajtak.in