आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-2 से मिली हार के बाद भारतीय टीम आलोचनाओं का सामना कर रही है. अब इस शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी आलोचकों के निशाने पर आ चुके हैं. अपने मजाकिया और व्यंग्यात्मक पोस्ट के लिए मशहूर 'आइसलैंड क्रिकेट' ने भी गौतम गंभीर पर तंज कसते हुए ऐसा पोस्ट किया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारत की यह पहली द्विपक्षीय सीरीज थी. स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन बेलफास्ट में भारतीय टीम दोनों मुकाबले हार गई. यह पहली बार है जब आयरलैंड ने भारत को किसी सीरीज में हराया और वह भी क्लीन स्वीप के साथ.
आइसलैंड क्रिकेट ने X पर लिखा, 'हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि हम गौतम गंभीर को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल नहीं करना चाहते. हालांकि उनमें टैलेंट जरूर है. उन भारतीय खिलाड़ियों को लेकर आयरलैंड में ऐसे नतीजे देने के लिए सचमुच जबरदस्त काबिलियत चाहिए.'
यह पोस्ट कुछ ही मिनटों में वायरल हो गया. कई फैन्स ने इसे मजाकिया बताया, जबकि कुछ ने भारतीय टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताई. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरी भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम दोनों मुकाबलों में बुरी तरह लड़खड़ा गया. टीम के अनुभवी बल्लेबाज बड़े स्कोर नहीं बना सके और भारत मैच में जीत की स्थिति में नजर ही नहीं आया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे संजू सैमसन भी आयरलैंड दौरे पर पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए.
सीरीज खत्म होने के बाद टीम चयन भी चर्चा का विषय बन गया है. तूफानी फॉर्म दिखा रहे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी बेंच पर बैठे रहे और उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. पूर्व क्रिकेटरों और कई विशेषज्ञों ने इस फैसले पर सवाल उठाए. सुनील गावस्कर ने भी कहा कि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ मौका मिलना ही चाहिए था. उनका मानना है कि यदि युवा खिलाड़ियों को आजमाना था, तो यह सबसे सही सीरीज थी.
गौतम गंभीर के लिए आयरलैंड दौरा उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. अब भारतीय टीम के सामने इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम की चुनौती है, जहां पांच टी20 और तीन वनडे इंटरनेशनल मैच खेले जाने हैं. आयरलैंड में मिली हार के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम मैनेजमेंट अपनी रणनीति और प्लेइंग इलेवन में बदलाव करेगा.
यह भी देखने वाली बात होगी कि क्या वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू का मौका मिलेगा या उनका इंतजार और लंबा होगा. आयरलैंड दौरे ने सिर्फ टीम इंडिया की कमजोरियों को उजागर नहीं किया, बल्कि गौतम गंभीर की रणनीति और चयन प्रक्रिया पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क