भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अपनी लग्जरी कार कलेक्शन में एक और शानदार गाड़ी जोड़ ली है. आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद हार्दिक पंड्या ने फेरारी 12सिलिंड्री (Ferrari 12Cilindri) खरीदी है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हार्दिक पंड्या इस नई फेरारी को ड्राइव करते हुए नजर आए. हार्दिक की गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा भी उनके साथ थीं. वीडियो में काले रंग की यह शानदार कन्वर्टिबल फेरारी दिखाई दे रही है, जिसमें हार्दिक और माहिका बैठे हुए हैं. यह कार दो सीटों वाली है और भारत में बेहद दुर्लभ मानी जाती है.
फेरारी 12सिलिंड्री कंपनी की नई V12 ग्रैंड-टूरिंग सुपरकार है, जिसे खास तौर पर अमीर खरीदारों के लिए डिजाइन किया गया है. इसकी ऑन रोड कीमत 10 करोड़ रुपये से ज्यादा है. वहीं इस कार की टॉप स्पीड करीब 340–350 किमी/घंटा है. 2.9 सेकंड में ये कार 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. यह फेरारी की उन सुपरकारों में से एक है जिसमें प्योर V12 इंजन दिया गया है और इसमें हाइब्रिड तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया गया है.
बता दें कि हार्दिक पंड्या ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की खिताबी जीत में अहम किरदार निभाया था. हार्दिक ने 9 मैचों में 27.12 की औसत से 217 रन बनाए थे, जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे. वहीं गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने 32.33 के एवरेज से 9 विकेट झटके.
हार्दिक के पास कई लग्जरी कारें
हार्दिक पंड्या के पास पहले से ही कई महंगी और हाई-परफॉर्मेंस कारें मौजूद हैं. उनके गैरेज में रोल्स-रॉयस फैंटम (Rolls‑Royce Phantom), लैम्बोर्गिनी हुराकैन ईवीओ (Lamborghini Huracán EVO), लैम्बोर्गिनी उरुस (Lamborghini Urus), मर्सिडीज-एएमजी जी63 (Mercedes‑AMG G63), रेंज रोवर वोग (Range Rover Vogue) और ऑडी A6 जैसी गाड़ियां शामिल हैं.
अब फेरारी 12सिलिंड्री उनके कलेक्शन में शामिल सबसे खास और महंगी कार बन गई है. टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद हार्दिक का यह नया तोहफा फैन्स के बीच चर्चा का विषय बन गया है.
aajtak.in