गंभीर ने दिल्ली की कप्तानी छोड़ी, नीतीश राणा संभालेंगे कमान

गौतम गंभीर ने दिल्ली की रणजी टीम का कप्तान पद छोड़ दिया और उनके स्थान पर नीतीश राणा को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई.

Advertisement
गौतम गंभीर गौतम गंभीर

तरुण वर्मा

  • नई दिल्ली,
  • 05 नवंबर 2018,
  • अपडेटेड 3:29 PM IST

गौतम गंभीर ने सोमवार को दिल्ली की रणजी टीम का कप्तान पद छोड़ दिया और उनके स्थान पर नीतीश राणा को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई.

गंभीर ने ट्वीट किया, ‘अब किसी युवा को कप्तानी सौंपने का वक्त आ गया है और इसलिए डीडीसीए चयनकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे इस भूमिका के लिए मेरे नाम पर विचार नहीं करें. मैं मैच जीतने के लिए पीछे से नए कप्तान की मदद करूंगा.’

Advertisement

नीतीश राणा मध्यक्रम के बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अब तक 24 प्रथम श्रेणी मैचों में 46.29 की औसत से रन बनाए हैं. ध्रुव शोरे को उप कप्तान नियुक्त किया गया है. शीर्ष क्रम के इस बल्लेबाज ने अब तक 21 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं.

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘गौतम ने राज्य टीम के मुख्य चयनकर्ता अमित भंडारी को बताया कि वह कप्तानी छोड़ना चाहते हैं. उन्होंने किसी युवा खिलाड़ी को यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए कहा. राणा टीम की अगुवाई करेंगे जबकि ध्रुव शोरे उनके साथ उप कप्तान होंगे.’

दिल्ली की टीम अपना पहला मैच 12 नवंबर से फिरोजशाह कोटला में खेलेगी. गंभीर को सत्र के शुरू में दिल्ली का कप्तान नियुक्त किया गया था. उनकी अगुवाई में टीम ने विजय हजारे फाइनल में जगह बनाई और बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने स्वयं लगभग 500 रन बनाए.

Advertisement

पता चला है कि 37 वर्षीय गंभीर ने इसलिए आगे कप्तान पद पर नहीं बने रहने का फैसला किया, क्योंकि यह स्पष्ट नहीं है कि वह इस सत्र में सभी प्रथम श्रेणी मैचों में खेलेंगे या नहीं.

गंभीर का कप्तान पद छोड़ने का फैसला इस बात का भी संकेत है कि वह लंबे समय प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में नहीं खेलेंगे. लेकिन शिखर धवन और ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में दिल्ली को गंभीर की जरूरत पड़ेगी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »