592 मैच, 3776 विकेट... स्पिन गेंदबाजी का मास्टर, जिसके आगे बल्लेबाजों के पसीने छूट जाते थे

इंग्लैंड के दिग्गज स्पिनर अल्फ्रेड पर्सी फ्रीमैन उर्फ 'टिच' ने अपने करियर में ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिन्हें आज तक कोई गेंदबाज नहीं तोड़ सका. क्रिकेट जगत में उन्हें 'विजार्ड' और 'मैजिशियन' कहा जाता था. उनके साथी खिलाड़ियों का मानना था कि फ्रीमैन जैसा लगातार विकेट लेने वाला गेंदबाज शायद दोबारा कभी नहीं आएगा.

Advertisement
फ्रीमैन के बॉलिंग आंकड़े बेहद शानदार रहे. (Photo: Getty Images) फ्रीमैन के बॉलिंग आंकड़े बेहद शानदार रहे. (Photo: Getty Images)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:32 AM IST

क्रिकेट इतिहास में कई महान गेंदबाज आए, लेकिन अल्फ्रेड पर्सी फ्रीमैन यानी 'टिच’ जैसा जादूगर शायद ही कभी देखने को मिला. सिर्फ 5 फीट 2 इंच लंबे इस स्पिनर ने अपनी गेंदों से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. फ्रीमैन का जन्म 17 मई 1888 को ल्यूशम में हुआ था. उन्होंने 1914 में केंट के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया, लेकिन असली पहचान उन्हें प्रथम विश्व युद्ध के बाद मिली. उनकी लेग ब्रेक, गुगली और टॉप स्पिन इतनी खतरनाक थी कि बल्लेबाज अक्सर समझ ही नहीं पाते थे कि गेंद किस दिशा में जाएगी.

Advertisement

1922-23 में फ्रीमैन ने ए.सी. मैकलारेन की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा किया. इसके बाद वह 1924-25 और 1928-29 में ऑस्ट्रेलिया गई एमसीसी टीम का भी हिस्सा रहे. 1924-25 के दौरे में उन्होंने दो टेस्ट मैच खेले. वहीं 1927-28 में साउथ अफ्रीका दौरे पर उन्होंने चार टेस्ट मुकाबले खेले. इंग्लैंड में भी उन्होंने वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैचों में हिस्सा लिया.

फ्रीमैन ने बल्ले से भी किया कमाल
फ्रीमैन ने इंग्लैंड के लिए 12 टेस्ट मैचों में कुल 66 विकेट लिए, जिसमें उनका औसत 25.86 का रहा. इसके अलावा उन्होंने लॉर्ड्स में 'प्लेयर्स' टीम के लिए भी पांच बार खेला. बतौर बल्लेबाज उनसे ज्यादा उम्मीदें नहीं की जाती थीं, लेकिन 1924-25 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में अपने डेब्यू मैच में उन्होंने नाबाद 50 रन बनाकर सबको चौंका दिया. वह दाएं हाथ के बल्लेबाज थे और कभी-कभी आक्रामक शॉट्स भी खेलते थे. हालांकि वह ज्यादातर नंबर 10 या 11 पर बल्लेबाजी करते थे, फिर भी केंट के लिए उन्होंने 4000 से ज्यादा रन बनाए.

Advertisement

1925 में ओल्ड ट्रैफर्ड में उन्होंने सिर्फ 70 मिनट में 66 रनों की तेज पारी खेली थी. बल्लेबाजी और गेंदबाजी के अलावा वह शानदार कवर-पॉइंट फील्डर भी माने जाते थे. जब नरम पिचें उनके लिए काफी मददगार साबित हुईं, तब उन्होंने अपने करियर का शायद सबसे बेहतरीन सीजन खेला. केंट के लिए उन्होंने 1922 के सीजन में 194 विकेट लिए और हर विकेट के लिए औसतन सिर्फ 14.5 रन खर्च किए.

'टिच' फ्रीमैन का रिकॉर्ड आज भी क्रिकेट इतिहास में बेहद खास माना जाता है. उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में कुल 592 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 18.42 की औसत से 3776 विकेट झटके. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ विल्फ्रेड रोड्स (4204) ही ले पाए. सबसे हैरानी वाली बात यह थी कि 1928 में उन्होंने अकेले एक सीजन में 304 विकेट झटके थे, जो आज तक कोई गेंदबाज नहीं कर पाया.

फ्रीमैन ने 17 बार एक सीजन में 100 से ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया. वहीं तीन बार उन्होंने एक पारी के सभी 10 विकेट अपने नाम किए, जो अपने आप में अनोखा रिकॉर्ड है. इंग्लैंड के लिए उन्होंने ज्यादा मुकाबले नहीं खेले. ऐसे में उनका असली दबदबा काउंटी क्रिकेट में ही देखने को मिला, जहां बल्लेबाज उनकी फ्लाइट और टर्न के सामने पूरी तरह बेबस नजर आते थे.

Advertisement

(Report- Vijay Singh)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »