इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट वीडियो विवाद में बड़ी राहत मिली है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मामले की जांच पूरी करने के बाद ईसीबी के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान ड्रेसिंग रूम में रिकॉर्ड किए गए स्टोक्स के रिटायरमेंट वीडियो को मैच खत्म होने से पहले जारी करने पर सवाल उठे थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी ने 4 जुलाई को ईसीबी को पत्र भेजकर पूरे मामले पर जवाब मांगा था. ईसीबी की ओर से स्पष्टीकरण मिलने के बाद अब मामले को बिना किसी कार्रवाई के बंद कर दिया गया है. हालांकि आईसीसी और ईसीबी ने इसे लेकर सार्वजनिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ नॉटिंघम के चौथे दिन बेन स्टोक्स ने अपने साथी खिलाड़ियों को बताया था कि यह उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला होगा. ईसीबी ने ड्रेसिंग रूम में स्टोक्स के इस ऐलान का वीडियो रिकॉर्ड किया और मैच जारी रहने के दौरान ही अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर दिया. बाद में इस वीडियो को ब्रॉडकास्टर्स ने भी दिखाया. यहीं से विवाद शुरू हुआ, क्योंकि ड्रेसिंग रूम प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) के अंतर्गत आता है, जहां वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड करने को लेकर आईसीसी के सख्त नियम हैं.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के लिए इस खिलाड़ी का टेस्ट डेब्यू, वर्ल्ड कप में काटा था गदर
आईसीसी ने अपने पत्र में PMOA नियमों के आर्टिकल 2.2.11 का जिक्र किया था. इसके तहत टीम ड्रेसिंग रूम में वीडियो या ऑडियो के प्रसारण के उद्देश्य से स्थायी या अस्थायी कैमरे और अन्य रिकॉर्डिंग उपकरण लगाने की अनुमति नहीं है. इसके अलावा PMOA के अंदर रिकॉर्ड किए गए फुटेज में ऑडियो नहीं होना चाहिए और मैच खत्म होने से पहले उसे जारी नहीं किया जा सकता.
यह भी पढ़ें: चुपके से खींची गईं विराट कोहली की तस्वीरें... 2 घंटे बाद पता चला तो IPL टीममेट को किया मैसेज
किसी भी तरह की छूट के लिए एंटी करप्शन मैनेजर की अनुमति लेना जरूरी होता है. बेन स्टोक्स के संन्यास की खबर स्थानीय समयानुसार दोपहर 3.25 बजे सार्वजनिक हुई थी. दिलचस्प बात यह रही कि उस समय वह मैदान पर गेंदबाजी कर रहे थे.
आईसीसी की ओर से ईसीबी को पत्र भेजे जाने की खबर सामने आने के बाद स्टोक्स ने भी सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने X पर सिर्फ दो शब्द लिखे थे- 'Sack him (उसे बर्खास्त करो)' उनकी यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी. अब आईसीसी ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क