उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवाड़ा गांव में 8वीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली, जिससे परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई. घटना से पहले छात्रा ने घर में सभी को चाय बनाकर पिलाई और फिर यह कहकर अपने कमरे में चली गई कि उसे नींद आ रही है. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजन उसे देखने पहुंचे, लेकिन वह नहीं उठी. इसके बाद घबराए परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. छात्रा की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने लिखा था, पापा माफ कर देना, मैं पढ़ना चाहती थी, पर नहीं पढ़ने दिया. अब जीना नहीं चाहती. जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनुराग वाष्णेय ने बताया कि बच्ची को अस्पताल लाया गया था, लेकिन वह पहले ही दम तोड़ चुकी थी. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे.