बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते खौफनाक रूप ले लिया. साइड लेने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा दो हत्याओं में बदल गया. पहले सत्तू बेचने वाले ठेला चालक ने वाहन चालक की चाकू से हत्या कर दी, फिर आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला. इस पूरी घटना से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. जानकारी के अनुसार फारबिसगंज स्थित मार्केटिंग यार्ड में साइड लेने को लेकर सत्तू विक्रेता रवि चौहान और वाहन चालक नबी हसन के बीच विवाद हो गया. पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई. इसी दौरान रवि चौहान ने चाकू निकालकर नबी हसन पर हमला कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.