उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां 34 वर्षीय प्रियंका का सड़ा-गला शव उसके ही घर से बरामद हुआ. युवती अपने पिता उदय भान बिस्वास के साथ रहती थी. बताया गया कि बेटी की मौत के बाद पिता घर में ताला लगाकर करीब चार महीने तक लापता रहा. रिश्तेदारों ने काफी तलाश के बाद उसे बेगम बाग की एक चाय की दुकान पर पकड़ा. पूछताछ में पहले उसने बताया कि प्रियंका देहरादून के अस्पताल में भर्ती है, लेकिन सख्ती से पूछने पर उसने घर के अंदर शव होने की बात कबूल की. पुलिस ने ताला तोड़कर घर खोला तो शव कंकाल बन चुका था. बदबू न फैले इसलिए पिता ने घर में परफ्यूम स्प्रे करने की बात कही. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.