Rahu Ketu Gochar 2026: राहु और केतु का राशि परिवर्तन ज्योतिष में एक बड़ी और महत्वपूर्ण घटना माना जाता है. चूंकि ये दोनों छाया ग्रह हमेशा वक्री (उल्टी) चाल चलते हैं और लगभग 18 महीने में अपनी राशि बदलते हैं, इसलिए इनका गोचर सभी राशियों के जीवन में बड़े बदलाव लेकर आता है. साल 2026 के आखिर में इन दोनों ग्रहों का एक बड़ा बदलाव होने वाला है, जिसे ज्योतिष में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
द्रिक पंचांग के अनुसार, 5 दिसंबर 2026 को लगभग 18 महीने बाद राहु और केतु अपनी राशि बदलेंगे. अभी राहु कुंभ राशि में और केतु सिंह राशि में हैं, लेकिन इस दिन राहु मकर राशि में प्रवेश करेंगे और केतु कर्क राशि में चले जाएंगे. कर्क राशि का संबंध चंद्रमा से होता है, जो मन और भावनाओं का कारक है. 5 दिसंबर को होने वाले राहु-केतु के इस गोचर के कारण कुछ विशेष राशियों को बेहद सावधान रहने की जरूरत होगी, क्योंकि उन्हें आर्थिक, मानसिक या स्वास्थ्य के मोर्चे पर नुकसान या चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है.
इन राशियों को रहना होगा ज्यादा सतर्क
1. मेष राशि (Aries)
मेष राशि वालों के लिए यह गोचर मिले-जुले परिणामों के साथ कुछ बड़ी चुनौतियां ला सकता है. आर्थिक मामलों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. बेवजह के खर्चों में बढ़ोतरी होगी, जिससे आपका बजट बिगड़ सकता है. इस अवधि में निवेश करने से बचें, खासकर शेयर बाजार या सट्टेबाजी में. अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें, अन्यथा परिवार या कार्यस्थल पर विवाद हो सकता है.
2. सिंह राशि (Leo)
सिंह राशि के जातकों को इस गोचर के दौरान अपने करियर और स्वास्थ्य को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी. कार्यस्थल पर राजनीति का शिकार हो सकते हैं या आपके काम का श्रेय किसी और को मिल सकता है. मानसिक तनाव और अज्ञात भय आपको परेशान कर सकता है. नौकरी बदलने का निर्णय जल्दबाजी में न लें. वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और सेहत के साथ बिल्कुल भी लापरवाही न करें.
3. कन्या राशि (Virgo)
कन्या राशि वालों के लिए राहु-केतु का गोचर रिश्तों और साझेदारी के मामलों में थोड़ी मुश्किलें खड़ी कर सकता है. बिजनेस पार्टनरशिप में मतभेद उभर सकते हैं. वैवाहिक जीवन में गलतफहमियों के कारण तनाव बढ़ सकता है. अचानक धन हानि के योग भी बन सकते हैं. किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें. पैसों के लेनदेन में पूरी पारदर्शिता रखें और कानूनी मामलों से दूर रहें.
4. धनु राशि (Sagittarius)
धनु राशि के जातकों के लिए यह गोचर पारिवारिक शांति और सुख-सुविधाओं को प्रभावित कर सकता है. घरेलू जीवन में अशांति या माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता रह सकती है. संपत्ति या जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में रुकावटें आ सकती हैं. घर या गाड़ी खरीदने की योजना को कुछ समय के लिए टालना बेहतर रहेगा. वर्कप्लेस पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों (बॉस) के साथ बहस करने से बचें.
aajtak.in