Adhik Maas 2026: इस साल अधिक मास 17 मई से लेकर 15 जून तक रहने वाला है. इस बार अधिक मास की खास बात ये है कि 30 दिन के अंतराल में दो बार गुरु-पुष्य योग का संयोग बन रहा है. अमूमन एक महीने में एक ही पुष्य नक्षत्र आता है. दूसरा, 2026 का अधिक मास ज्येष्ठ माह में लग रहा है. ज्येष्ठ में अधिक मास का आना भी एक दुर्लभ घटना है. ज्योतिष गणना के मुताबिक, ऐसा संयोग अब साल 2037 में ही देखने को मिलेगा.
इस बार अधिक मास की अलग-अलग तिथियों पर ग्रहों की स्थिति से गजकेसरी योग और पुष्कर योग का निर्माण भी होने वाला है. गजकेसरी योग मान-सम्मान और मानसिक शांति के लिए उत्तम है. पुष्कर योग धन वृद्धि और लक्ष्मी कृपा पाने के लिए विशेष माना जाता है. आइए जानते हैं कि अधिक मास में बन रहा ये संयोग किन राशियों के लिए शुभ रहने वाला है.
वृषभ राशि
इस अधिक मास आपकी सुख-सुविधाओं में वृद्धि हो सकती है. आर्थिक मामले भी संवर सकते हैं. धन से जुड़े मामलों में मजबूती आएगी. प्रॉपर्टी, नया घर या वाहन लेने के योग बन सकते हैं. परिवार की खुशियों का ख्याल रखेंगे. पैतृक संपत्ति से लाभ मिलने की संभावना रहेगी. कहीं उधार दिया पैसा वापस मिल सकता है. मां या मातृ पक्ष के सहयोग से महत्वपूर्ण कार्य पूरे हो सकते हैं.
सिंह राशि
आपकी आर्थिक तंगी धीरे-धीरे कम होती नजर आएगी. आमदनी और खर्च के बीच संतुलन बनाकर चलने में कामयाब रहेंगे. परिवार के साथ अच्छा समय बिताने का अवसर भी आपको मिलेगा. घर-परिवार का माहौल पहले से अधिक खुशहाल रहेगा. रिश्तों में सामंजस्य बढ़ेगा. स्वास्थ्य के मामले में भी राहत मिलेगी.
वृश्चिक राशि
यह अधिक मास आपके आर्थिक मामलों में सुधार लेकर आने वाला है. कारोबारियों के लाभ में बढ़ोतरी के संकेत हैं. नौकरी करने वालों को पदोन्नति या वेतन बढ़ने जैसी अच्छी खबर मिल सकती है. अटका हुआ धन भी आपको वापस मिल सकता है. भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए निवेश की योजनाओं पर ध्यान देंगे. काम के प्रति ईमानदार रहेंगे और समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा.
मीन राशि
इस अधिक मास आपकी आमदनी बढ़त पर रहेगी. खर्चों में कमी आने से धन की बचत संभव है. बजट बनाकर चलने में विश्वास रहेगा. करियर में अच्छे रिजल्ट आपको मिल सकते हैं. परिवार के लोगों को खुश रखने के लिए कोई उपहार या खास तोहफा दे सकते हैं. इस महीने स्वास्थ्य के मामले में भी स्थिति अनुकूल बनी रह सकती है.
aajtak.in