Jaipur: बुलेट के शौक में दो दोस्तों ने किया युवक का अपहरण, अब पहुंचे सलाखों के पीछे

Crime News: दोनों आरोपियों को बुलेट का चस्का था और अक्सर अपनी पुरानी बुलेट पर सवार होकर धौंस मारते लेकिन कर्ज के तले दबे राहुल सिंह को अपनी गाड़ी  गिरवी रखनी पड़ी थी. जिसके बाद आकाश और राहुल ने अपहरण का प्लान बनाया, ताकि फिरौती की राशि से नई बुलेट खरीद सकें. यही नहीं, बची राशि से गिरवी रखी पुरानी बुलेट को भी छुड़ाकर दोस्त को देने का प्लान बनाया था.

Advertisement
पुलिस गिरफ्त में आरोपी. पुलिस गिरफ्त में आरोपी.

विशाल शर्मा

  • जयपुर ,
  • 01 अप्रैल 2024,
  • अपडेटेड 4:25 PM IST

बुलेट की आवाज और उस पर बैठकर रौब झाड़ने का चलन इन दिनों बढ़ सा गया है. राजस्थान की राजधानी जयपुर के दो दोस्तों के सिर पर भी बुलेट की खुमारी कुछ ऐसे चढी कि उन्होंने एक युवक का अपहरण तक कर लिया. कीमती बुलेट खरीदने के लिए जेब में जब रुपए नहीं थे तो युवक को छोड़ने के बदले में आरोपियों ने उसके परिजनों से फिरौती की डिमांड कर डाली. बुलेट के शौक में अपहरण की वारदात करने वाले नौसिखिए किडनैपर्स महज 2 घंटे में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जिसके बाद उनकी हेकड़ी धरी रह गई. 

Advertisement

जयपुर के चित्रकूट पुलिस थाने के थानाधिकारी जहीर अब्बास ने बताया, बीते 31 मार्च की रात करीब 12 बजे विनय कुमार सिंह नाम के शख्स ने सूचना दी कि अज्ञात युवकों ने उसके मौसी के लड़के विक्रम सिंह को बंधक बनाकर अपहरण कर लिया और रुपयों की मांग कर रहे हैं. पुलिस तुरंत हरकत में आई और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल एक टीम बनाकर भांकरोटा और बगरु के संभावित स्थानों पर दबिश दी. 

इस दौरान आरोपी बार-बार पीड़ित युवक के परिजनों को फोन कर धनराशि की डिमांड करते हुए बार-बार ठिकाने बदल रहे थे. लेकिन नाकेबंदी के दौरान पुलिस को बगरु इलाके में अपहरणकर्ताओं की पुख्ता सूचना मिली. पुलिस ने दबिश देते हुए विक्रम सिंह को अपहर्ताओ के चंगुल से छुड़वा लिया. मौके से आरोपी राहुल सिंह और आकाश कुमावत को गिरफ्तार कर लिया. 

Advertisement

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहुल सिंह के कालवाड़ रोड पर रिश्तेदार रहते हैं. ऐसे में यहां आने के दौरान पड़ोसी आकाश से दोस्ती हो गई. दोनों को बुलेट का चस्का था और अक्सर अपनी पुरानी बुलेट पर सवार होकर धौंस मारते लेकिन कर्ज के तले दबे राहुल सिंह को अपनी गाड़ी गिरवी रखनी पड़ी थी. जिसके बाद आकाश और राहुल ने अपहरण का प्लान बनाया, ताकि फिरौती की राशि से नई बुलेट खरीद सकें. यही नहीं, बची राशि से गिरवी रखी पुरानी बुलेट को भी छुड़ाकर दोस्त को देने का प्लान बनाया था.

इसके लिए दोनों आरोपी दोस्त शनिवार को चाकू लेकर स्कूटी पर सवार होकर बाजार निकल गए. तभी चित्रकूट स्टेडियम के पास शनिवार रात को सड़क किनारे विक्रम सिंह घूम रहा था. इसी दौरान स्कूटी सवार राहुल और आकाश ने चाकू की नोंक पर विक्रम का अपहरण कर लिया.

अपहरण के करीब आधे घंटे बाद बदमाशों ने अपहृत युवक के मोबाइल से ही मौसी के बेटे को कॉल करके 8 लाख रुपए की फिरौती मांगी, लेकिन 2 घंटे में ही अपहरणकर्ताओं का प्लान चौपट हो गया. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी बरामद की है और 2 दिन की रिमांड पर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »