पत्नी को मॉल में घुमाया, फोटो खींची फिर गला दबाकर मारा... घर वालों को बताया हार्ट अटैक से हो गई मौत

राजस्थान के सिरोही जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसे हार्ट अटैक से मौत बताने की साजिश रची. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पत्नी और तीन साल की बेटी को उदयपुर घुमाने ले गया, तस्वीरें खिंचवाईं और लौटते समय गोगुंदा के पास गला दबाकर हत्या कर दी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों से सच्चाई सामने आई.

Advertisement
कोयंबटूर में रहता है पति. (photo: Rahul Tripathi/ITG) कोयंबटूर में रहता है पति. (photo: Rahul Tripathi/ITG)

राहुल त्रिपाठी

  • सिरोही,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:40 PM IST

राजस्थान के सिरोही जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या की ऐसी साजिश रची कि पहली नजर में सभी को लगा कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है. लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच ने इस झूठ की परतें उधेड़ दीं. जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले पत्नी और तीन साल की बेटी को उदयपुर घुमाने ले गया, मॉल में घूमे, साथ में तस्वीरें खिंचवाईं और फिर घर लौटते समय सुनसान रास्ते में पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने परिजनों से कहा कि पत्नी की मौत अचानक हार्ट अटैक से हुई है.

Advertisement

मॉल में घुमाया, फोटो खींची और फिर गला दबाकर मार डाला
पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को बारलूट थाने में पूनम कंवर की संदिग्ध मौत का मर्ग दर्ज किया गया था. महिला की मौत को हार्ट अटैक बताया गया, लेकिन परिस्थितियां संदिग्ध होने पर एसडीएम ने जांच शुरू कराई. अगले दिन मृतका के भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और जांच की जिम्मेदारी सीओ मुकेश चौधरी को सौंपी गई.

तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी पति कोयंबटूर में रहता था और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार उसने पहले ही पत्नी की हत्या की योजना बना ली थी. वह ट्रेन से अहमदाबाद और फिर उदयपुर पहुंचा. वहां पत्नी और बेटी के साथ पूरा दिन बिताया, ताकि किसी को उस पर शक न हो. इसके बाद टैक्सी से गांव जावाल लौटते समय गोगुंदा के पास उसने मौका देखकर पत्नी का गला दबा दिया.

Advertisement

पुलिस ने ऐसे किया हत्याकांड का खुलासा
घर पहुंचने के बाद आरोपी ने परिजनों को बताया कि रास्ते में उसकी पत्नी को हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक नहीं मिला. रिपोर्ट और आरोपी के बयान में विरोधाभास देखकर पुलिस का शक गहरा गया. इसके बाद जांच टीम ने टैक्सी के फास्टैग रूट, यात्रा से जुड़े तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूत जुटाए. जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली.

इस वारदात का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि तीन साल की मासूम बच्ची ने एक ही दिन में अपनी मां को हमेशा के लिए खो दिया और अब उसका पिता भी सलाखों के पीछे पहुंच गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »